सिमोन होम खाने का एक तरीका बता रही हैं जो सूजन व जलन को कम करेगा और आपके शरीर को पोषण देगा। ऐसा करने में आपकी मदद करने के लिए वे 5 सरल व्यंजन-विधियाँ बता रही हैं। इनसे आप जल्द ही ऊर्जा से भर जाएँगे और आपको हर समय भूख भी नहीं लगेगी।
अधिक ऊर्जा प्राप्त करने के लिए, जितना संभव हो सके अपने आहार में ऐसे तत्वों को शामिल करने का प्रयास करें जिनसे शरीर में अधिकाधिक क्षार बनता है और जो सूजन-रोधी हैं। इन पोषक तत्वों और ऊर्जा से भरपूर खाद्य पदार्थों से आपके शरीर में स्फूर्ति आएगी और सूजन के कम होने से आपका मन स्पष्ट और शांत होगा।
अपने आहार में अधिक ताज़ा व स्वच्छ हरी सब्ज़ियाँ और फल शामिल करके, आपको न तो अधिक भूख लगेगी और न ही कैलोरी गिनने की आवश्यकता रहेगी। इसके बजाय, संतोषजनक, स्फूर्तिदायक आहार पर ध्यान दें जो अधिक पोषण देता है, आपको ऊर्जावान बनाता है और आपको कोई कमी भी महसूस नहीं होती। इस तरह खाने से व्यक्तिगत स्वास्थ्य को अच्छा बनाए रखने में सहायता मिलती है और एक ऐसी स्थायी जीवनशैली को बढ़ावा मिलता है जो प्रकृति के साथ सामंजस्य में होती है।
आपके भोजन का चयन मायने रखता है।
आप जो कुछ भी खाते हैं, उसका असर आपकी कोशिकाओं और पर्यावरण पर पड़ता है। शाकाहारी, असंसाधित, जैविक, ताज़े खाद्य पदार्थों का चयन करके आप सकारात्मक बदलाव लाते हैं - न केवल अपने स्वास्थ्य के लिए बल्कि इस पृथ्वी के लिए भी।
आपकी तंदुरुस्ती की शुरुआत रसोई से होती है।
खाना पकाने की परंपराओं और कौशलों को बनाए रखना भी महत्वपूर्ण है क्योंकि ऐसा करके आप युवा पीढ़ी को स्वास्थ्यवर्धक खाना पकाने, अच्छी आदतें और उत्तम रहन-सहन अपनाने के लिए प्रेरित कर पाते हैं।
नया साल शुरू होने पर हम में से कई लोग स्वास्थ्य संबंधी लक्ष्य निर्धारित करते हैं। सफलता इस बात पर निर्भर करती है कि इन लक्ष्यों को लागू करना कितना यथार्थवादी है और यह कितने लंबे समय तक कायम रह सकता है। अध्ययनों से पता चलता है कि औसत महिला साल में आठ प्रकार के आहार आज़माती है। आप निर्धारित आहार के बारे में सोचे बिना हर दिन अपनी थाली में स्वास्थ्य व पोषण का संतुलन कैसे ला सकते हैं?
इसके लिए महत्वपूर्ण है कि आप अपने भोजन में भरपूर पोषक तत्वों को शामिल करें जिससे संसाधित भोजन, चीनी, ट्रांस फ़ैट और ग्लूटन (लस) आदि जैसे अस्वास्थ्यकर विकल्पों को हटाना आसान हो जाता है। ये सब वास्तव में नहीं खाने चाहिए। उदाहरण के लिए, केल, पालक, खीरा और सेलरी जैसे कच्चे ताज़े खाद्य पदार्थ स्मूदी के लिए बहुत अच्छे हैं। इन्हें भोजन में शामिल करना आपके शरीर को तेज़ी से स्फूर्ति देने का एक सरल और शक्तिशाली तरीका है। ऊर्जा, विटामिन और रेशे से भरपूर, ये तत्व पाचन को बेहतर करते हैं, आपके शरीर को आवश्यक पोषक तत्व प्रदान करते हैं और आपकी कोशिकाओं को सक्रिय करते हैं।
क्यों न प्रतिदिन एक स्मूदी से शुरुआत की जाए?
अगले पाँच दिनों में मेरी क्षारीय स्फूर्तिदायक विधियों को आज़माएँ और स्वास्थ्य लाभ व स्वाद का आनंद लें।
मैं आपकी ऊर्जा प्राप्त करने की यात्रा में आपकी मदद करने के लिए मौजूद हूँ। आपका कोई भी प्रश्न हो तो बेझिझक मुझसे संपर्क करें। अधिक प्रेरणा प्राप्त करने के लिए आज ही मेरी वेबसाइट पर जाएँ और कुछ निःशुल्क दिशा-निर्देश पाएँ।
www.alkaline-institute.com
सर्वाधिक ऊर्जा देने वाली स्मूदी बनाने का मूलभूत तरीका
- 80% पत्तेदार साग - पालक, केल और अन्य ताज़े साग।
- 1 से 2 कप पानी
- स्वास्थ्यवर्धक वसा - एवोकाडो, बादाम, चिया बीज और तेल जैसे जैतून का तेल, अलसी का तेल या एवोकाडो तेल।
- बहुत कम फ़्रक्टोज़ वाले फल - नींबू, मौसमी, पपीता या टमाटर।
- सब्ज़ियाँ - खीरा, सेलरी के डंठल या ज़ुकीनी
5 स्फूर्तिदायक विधियाँ
सुबह ग्रहण करने वाली बढ़िया क्षारीय स्मूदी
सामग्री -
- 100 ग्राम (2 मुट्ठी भर) ताज़ी पालक और केल।
- ½ से 1 एवोकाडो (अगर मौसम हो)।
- 2 कप पानी।
- ¼ चम्मच हिमालयन नमक।
- 2 से 4 बड़े चम्मच तेल (जैतून, अलसी या एवोकाडो) या चिया बीज।
- 1 नींबू, छिला हुआ; आप अतिरिक्त स्वाद के लिए सफ़ेद गूदे के बिना, छिलके का उपयोग कर सकते हैं।
- कुछ ताज़े पुदीने के पत्ते।


निर्देश -
- सारी सामग्री को मुलायम होने तक पीसें।
- पानी को अपनी पसंद के हिसाब से मिलाएँ। अगर चिया या अलसी के बीज का उपयोग कर रहे हैं, तो ध्यान रखें कि समय के साथ स्मूदी गाढ़ी हो जाएगी।
- एक बड़ा गिलास ताज़ी स्मूदी पी लें और बाकी बचे पेय को एक दिन तक के लिए फ्रिज में काँच के बर्तन में रखें।
ऊर्जादायक हरी स्मूदी
सामग्री -
- 2 केल के पत्ते।
- 1 मुट्ठी पालक।
- 1 खीरा।
- ताज़ी जड़ी बूटियाँ जैसे पुदीना, अजवाइन।
- 1 नींबू (छिलका निकाला हुआ)।
- ½ चम्मच हिमालयन नमक।
- 3 बड़े चम्मच जैतून का तेल।
- 500 मिली पानी (या ज़रूरत के हिसाब से थोड़ा और)।

निर्देश -
- सब्ज़ियों को अच्छी तरह धोकर मिक्सी में डालें। अगर आपकी मिक्सी में शक्ति कम है, तो नरम सामग्री को नीचे डालें।
- पानी और एक चुटकी नमक डालें। मुलायम होने तक तेज़ गति पर मिक्सी चलाएँ।
- जैतून का तेल डालें और मिलाने के लिए थोड़ी देर मिक्सी चलाएँ।
- पीने लायक गाढ़ा करने के लिए ज़रूरत के हिसाब से पानी को डालें।
- तुरंत एक बड़ा गिलास पिएँ और बाकी बचे पेय को बाद के लिए रख दें। इसे काँच के एक सीलबंद बर्तन में तीन दिनों तक रखा जा सकता है। तरोताज़ा करनी वाली ऊर्जा की वृद्धि का आनंद लें।
क्षारीय पपीता स्मूदी
सामग्री -
- 100 ग्राम (2 बड़ी मुट्ठी भर) ताज़ी पालक, केल, या इनका मिश्रण।
- ½ पपीता (अगर मौसम हो)।
- 2 कप पानी।
- ¼ छोटा चम्मच हिमालयन नमक।
- 2 से 4 बड़े चम्मच तेल (जैतून, अलसी या एवोकाडो) या चिया बीज।
- 1 नींबू (छिलका उतारा हुआ; आप अतिरिक्त स्वाद के लिए सफ़ेद गूदे के बिना छिलके का इस्तेमाल कर सकते हैं)
- कुछ ताज़े पुदीने के पत्ते।

निर्देश -
- सभी सामग्री को मुलायम होने तक मिक्सी में चलाएँ।
- मनचाही तरलता के लिए पानी को मिलाएँ और ताज़ी स्मूदी का आनंद लें। बची हुई स्मूदी को एक दिन तक के लिए सीलबंद काँच के बर्तन में रखें।
शकरकंद और भुने हुए कद्दू के बीजों के साथ केल और बंद गोभी का सलाद
सामग्री -
- 2 कप केल, बारीक कटा हुआ (कठोर तने हटा दें)।
- 2 कप पत्ता गोभी, बारीक कटी हुई (हरी या बैंगनी गोभी)।
- 1 ज़ुकीनी लंबे पतले टुकडों में कटी हुई या बारीक कटी हुई।
- 2 मध्यम आकार के शकरकंद, छिलके उतारे हुए, कटे हुए और पके हुए (उबले या भुने हुए)।
- ¼ कप भुने हुए कद्दू के बीज।
ड्रेसिंग -
- 2 बड़े चम्मच जैतून का तेल।
- 1 बड़ा चम्मच नींबू का रस।
- 1 छोटा चम्मच डिजॉन सरसों।
- 1 छोटा चम्मच कसा हुआ अदरक।
- स्वादानुसार नमक और काली मिर्च।

निर्देश -
- ड्रेसिंग तैयार करें - एक छोटे कटोरे में, जैतून का तेल, नींबू का रस, सरसों, कसा हुआ अदरक, नमक और काली मिर्च को एक साथ मुलायम होने तक फेंटें।
- केल को हाथों से मलें - कटे हुए केल को एक बड़े कटोरे में रखें और उस पर थोड़ी मात्रा में ड्रेसिंग डालें। केल को नरम करने के लिए 1-2 मिनट तक अपने हाथों से मलें।
- सारी सलाद सामग्री को मिलाएँ - केल के साथ कटोरे में कटी हुई पत्ता गोभी, बारीक कटी हुई ज़ुकीनी,पका हुआ शकरकंद और बची हुई ड्रेसिंग डालें। सब कुछ अच्छी तरह से मिलाएँ।
- कद्दू के बीज डालें - परोसने से पहले सलाद पर भुने हुए कद्दू के बीज छिड़कें।

ओट्स और दालचीनी के साथ चिया पुडिंग
सामग्री -
- ½ कप चिया बीज।
- 1 कप पानी।
- वैकल्पिक ऊपरी सजावट - पिसी हुई दालचीनी, ओट्स, ताज़े फल।.

निर्देश -
- चिया के बीजों को कम से कम 10 मिनट के लिए पानी में भिगोएँ या जब तक वे जेली जैसे दिखने लगें।
- थोड़ी सी दालचीनी छिड़ककर अच्छी तरह मिलाएँ।
- ऐसे ही परोसें, या बनावट और स्वाद बढ़ाने के लिए ऊपर ओट्स और ताज़े फल डालकर परोसें।

