परिवार और दोस्तों को पत्र

 

आदरणीय दाजी,

ध्यान में प्राप्त आंतरिक अवस्था को आत्मसात करना और इसे अपनी दिनचर्या में शामिल करना क्यों महत्वपूर्ण है?


प्रिय सथा,

इस भौतिक दुनिया की माँगों और चुनौतियों का सामना करने के लिए ध्यानमय मन की ज़रूरत होती है। एक निश्चित समय पर ध्यान करना और बाद में पूरा दिन मन को निरुद्देश्य भटकने देना, ध्यानमय मन नहीं है। ध्यान इस तरह से पूरा किया जाना चाहिए कि ध्यान से उत्पन्न ऊर्जावान दशा लंबे समय तक बनी रहे। यह फ़ोन को चार्ज करने की तरह है। हम ऐसे फ़ोन ढूँढते हैं जिन्हें बहुत जल्दी-जल्दी चार्ज नहीं करना पड़ता। उत्तम फ़ोन तो जीवन भर के लिए अपना चार्ज बनाए रखेगा। क्या यह ध्यान से संभव है?

जब आप ध्यानमय मन के साथ कार्यालय में काम करते हैं, खाना बनाते हैं, खेल खेलते हैं, बातचीत करते हैं, अध्ययन करते हैं या अपने प्रियजन के साथ शांति से बैठेते हैं तब आप निश्चित रूप से ध्यान की सुंदरता और शक्ति को समझेंगे।

ध्यानमय मन के साथ आपको सचेत जागरूकता बनाए रखने या साँसों पर गौर करने के लिए खुद को याद दिलाने की ज़रूरत नहीं होगी क्योंकि आप ‘पूरी तरह से जागरूक’ होंगे। ध्यानमय मन होने से आप दयालु और करुणामय बन जाते हैं; आपके हृदय को समानुभूतिपूर्ण बनकर आराम और संतुष्टि मिलती है। आपको हृदय में एक आरामदायक जगह पाने के लिए अपनी साँसों को समायोजित नहीं करना पड़ता। इसके बजाय, आपकी आंतरिक ध्यानमय स्थिति परिवर्तनशील बन जाती है और आपका व्यवहार बदलने लगता है जिसमें आपकी साँसें भी शामिल हैं।

साँस द्वारा मनोदशा बनने और ध्यानमय अवस्था द्वारा साँस के नियंत्रित होने के बीच एक बुनियादी अंतर है। दोनों ही बदलाव लाते हैं, लेकिन बाहर से अंदर जाने - साँस पर केंद्रित रहने - के तरीके का प्रभाव केवल कुछ मिनटों तक ही रहेगा। इसके विपरीत, ध्यान की एक स्थायी अवस्था बनाने का अंदर से बाहर जाने का तरीका क्रमिक रूप से विकसित और तीव्र होगा।

एक सरल और शुद्ध हृदय से ईश्वरीयता उसी तरह निकलती है जिस तरह सुनहरे चंपा के फूल की खुशबू वातावरण को भर देती है। ईश्वरीयता अनमोल, सरल, शुद्ध और प्रेम से भरी है। क्या ‘ईश्वरीयता’ शब्द आपके अंदर एक नेक भावना को नहीं जगाता? और यदि मेरे अस्तित्व में दिव्य आवेग व्याप्त होने लगता है तो क्या मुझे उस ईश्वरीयता को अपने आचरण में प्रदर्शित नहीं करना चाहिए - एक दयालु राजा के आचरण की तरह, एक खुशियाँ बाँटने वाले मित्र की तरह या एक सच्चे महान व्यक्ति की तरह जो दूसरों की खामियों पर ध्यान नहीं देता और दुखी लोगों के प्रति उदार रहता है?

इसका मतलब है हमेशा अपने अंतरतम के साथ गहराई से जुड़े रहकर काम करना। दूसरे शब्दों में, ध्यानमय रहते हुए और आध्यात्मिकता का अनुसरण करते हुए अपनी आध्यात्मिक विरासत और कुलीनता को निरंतर प्रदर्शित करते रहें - पूज्य लालाजी जिसे अखलाक कहते हैं। इसका उद्देश्य एक फूल की तरह बनना है जो केवल अपनी खुशबू बिखेरता है। हमें ऐसी स्वाभाविक अवस्था तक पहुँचना है। यही हर साधक का सपना है।

प्रेम और सम्मान सहित,
कमलेश


Comments

दाजी

दाजी हार्टफुलनेसके मार्गदर्शक

उत्तर छोड़ दें