घरप्रेरणामास्टर योग 2024 यूनेस्को पेरिस

14 से 21 जून, 2024 तक पेरिस में यूनेस्को हाउस में मास्टर योग प्रदर्शनी आयोजित की गई थी। यह आयोजन संयुक्त राष्ट्र द्वारा घोषित अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की 10वीं वर्षगांठ के उपलक्ष में था। हार्टफुलनेस फ़ाउंडेशन की देख-रेख में “योग फ़ॉर यूनिटी” समूह द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में लगभग बीस संगठनों और तीस प्रसिद्ध शिक्षकों ने भाग लिया। क्लेयर बिगैंड प्रदर्शनी समन्वयक थीं। यहाँ वे सप्ताह भर चलने वाले इस उत्सव का संक्षिप्त विवरण प्रस्तुत कर रही हैं।

 

दृश्य प्रदर्शनी 600 वर्ग मीटर के क्षेत्र में फैली हुई थी और 5,000 से अधिक दर्शक इसे देखने के लिए आए। दर्शक बड़े पैमाने पर प्रलेखित और चित्रित पैनलों के माध्यम से योग के विभिन्न सिद्धांतों, इतिहास और मौलिक ग्रंथों के बारे में जान पाए जो विभिन्न प्रकार के अभ्यासों को दर्शा रहे थे।

विभिन्न मतों द्वारा संचालित व्याख्यानों, ध्यान कार्यशालाओं और योग सत्रों का एक पूरा कार्यक्रम प्रस्तुत किया गया था। दृष्टिकोण में इस विविधता ने प्रदर्शनी को एक रचनात्मक, गहन और शैक्षिक आयाम दिया। इसने योग के आध्यात्मिक और शारीरिक शिक्षण के प्रति अत्यधिक रुचि रखने वाले अनेक दर्शकों को मोह लिया।

शीर्ष खिलाड़ियों के साक्षात्कारों में बताया गया कि वे खेल में अच्छा प्रदर्शन करने के लिए योग का अभ्यास कैसे करते हैं। फ़्री डाइवर एलिस मोडोलो, लेंस फ़ुटबॉल क्लब में खिलाड़ियों के साथ काम करने वाली ऐन लेजौ और फ़ुटबॉलर आदा हेगरबर्ग ने योग से प्राप्त लाभ की पुष्टि की।

उस आयोजन में हार्टफुलनेस अभियान के आध्यात्मिक गुरु व पथप्रदर्शक दाजी के साथ एक साक्षात्कार, स्टिफ़न हास्कल द्वारा बनाई गई डॉक्यूमेंट्री फ़िल्म ‘रेस्पायर’ का एक अंश और ब्राइटर माइंड्स के बारे में एक विज्ञापन भी दिखाया गया। ब्राइटर माइंड्स बच्चों की संज्ञानात्मक और भावनात्मक क्षमताओं को विकसित करने के उद्देश्य से बनाया गया एक अभिनव शैक्षिक कार्यक्रम है।

इन तत्वों ने विभिन्न क्षेत्रों में और विभिन्न हस्तियों पर योग के प्रभाव पर विभिन्न दृष्टिकोण प्रदान करके दर्शकों के अनुभव को समृद्ध बनाया।

प्रदर्शनी के केंद्र में, महान गुरु बाबूजी की एक प्रतिमा थी। इस प्रतिमा से होकर ध्यान कक्ष का रास्ता था जो लकड़ी की पट्टियों सहित पुनर्चक्रित सामग्री से बनाया गया था। इस अनूठी जगह ने राहगीरों का स्वागत हार्टफुलनेस रिलैक्सेशन सत्रों के साथ किया जिससे उन्हें शांति और पुनः ऊर्जित होने का एहसास हुआ।

Babuji.webp

 

Meditation space.webp

विभिन्न जानवरों की नकल करके आसनों का एक चक्र बनाया गया था ताकि बच्चे योग का अभ्यास करने के लिए प्रेरित हों। यह मज़ेदार और सुलभ गतिविधि सबसे कम उम्र के दर्शकों और उनके माता-पिताओं को बहुत पसंद आई।

पतंजलि के अष्टांग योग के 8 अंगों को एक पैनल में शैक्षिक और सुव्यवस्थित तरीके से प्रस्तुत किया गया था। इसका उद्देश्य आगंतुकों को इस सदियों पुरानी शिक्षा के मूलभूत सिद्धांतों की गहन समझ प्रदान करना था।

Ashtanga Yoga.webp

विनियोग फ़ाउंडेशन की जोस्लीन कैपुआनो ने कहा, “यह योग के लिए एक अद्भुत श्रद्धांजलि है। इसमें योग के सार और इसकी उत्पत्ति की जानकारी को प्रस्तुत किया गया है जिसके बारे में अधिकांश लोगों को बहुत कम पता है। और सबसे बढ़कर, इसे भविष्य में और भावी पीढ़ियों के लिए महत्वपूर्ण बताया गया है।”

14 जून को पेरिस के यूनेस्को हाउस में मास्टर योग का शुभारंभ हुआ। यह यूनेस्को शांति कलाकारा, गिला क्लारा कीसुस, द्वारा आयोजित एक अद्भुत शाम थी। इस आयोजन में साझेदार, प्रायोजक, प्रस्तुतकर्ता और स्वयंसेवक, जिनके बिना यह प्रदर्शनी संभव नहीं हो पाती, सभी उपस्थित थे।

अतिथियों के समक्ष अपने विचार प्रस्तुत करने वालों में यूनेस्को में भारत के स्थायी प्रतिनिधिमंडल के राजदूत महामहिम विशाल वी. शर्मा; सामाजिक और मानव विज्ञान के लिए सहायक महानिदेशक गैब्रिएला रामोस; यूनेस्को के कार्यकारी बोर्ड की अध्यक्ष वेरा एल कूरी लैकोइल; हार्टफुलनेस संस्थान के अध्यक्ष एलेन डेवीन; श्री रामचंद्र मिशन फ्रांस के अध्यक्ष पॉल पोरन्सिनी और संगीतकार पियरे रेवन शामिल थे।

एलेन डेवीन ने कहा, “जब हम पूरे दिल से और गहनता के साथ योग के प्रति समर्पित होते हैं तब यह हमारे जीवन के हर पहलू और आयाम में व्याप्त हो जाता है। हम जो कुछ भी सोचते हैं, जो कुछ भी करते हैं, जो कुछ भी हम हैं और अंततः जो कुछ भी हम बनते हैं, वह सब योग है। योग के दैनिक अभ्यास के कारण चेतना में परिवर्तन होते हैं जिससे हमारे आस-पास की दुनिया के प्रति हमारी धारणा और लोगों के साथ हमारी बातचीत का तरीका बदल जाता है।

और ये परिवर्तन हमें कहाँ ले जाते हैं? अंततः इन परिवर्तनों के कारण मरने के बाद स्वर्ग का इंतज़ार या उसका सपना देखने के बजाय यहाँ और अभी साथ मिलकर उसका निर्माण करने की इच्छा बढ़ जाती है। यही मुख्य कारण है कि हमने इस अनूठी अनुभवात्मक प्रदर्शनी के लिए यूनेस्को को चुना।”

शनिवार 15 जून की दोपहर नन्हे-मुन्ने योगियों को समर्पित थी। विनियोग फ़ाउंडेशन, रिसर्च फ़ॉर योग इन एजुकेशन (RYE) और हार्टफुलनेस इंस्टीट्यूट के शिक्षकों ने कहानियों और आसनों, मंडलों, रिलैक्सेशन व प्राणायाम और चित्रण एवं लेखन प्रतियोगिता की तैयारी से संबंधित सात कार्यशालाएँ आयोजित कीं। 3 से 18 वर्ष की आयु के बच्चों ने अपने माता-पिता के साथ मिलकर मज़ेदार और उत्सवी माहौल में योग के बारे में जाना। दिन का समापन प्रतियोगिता के लिए पुरस्कार वितरण समारोह के साथ हुआ, जिसकी अध्यक्षता नताशा सेंट पियर, स्टिफ़न हास्कल, गिला क्लारा कीसुस और कैथरीन डूमेनील सहित अनेक गणमान्य व्यक्तियों ने की।

प्रदर्शनी के दौरान बच्चों के लिए ब्राइटर माइंड्स पद्धति को एक फ़िल्म से प्रस्तुत किया गया, जिसे कई बार दिखाया गया। कई लोगों को इसे जानने का मौका मिला। कीडौसे के एक प्राथमिक विद्यालय ने ब्राइटर माइंड्स की शिक्षिका ऐलिसिया फ़ैस्ट किंडलर के नेतृत्व में एक खोज कार्यशाला में भाग लिया। छात्रों व शिक्षकों ने इस प्रदर्शन की बहुत सराहना की।

Sports round table.webp

18 जून को, शीर्ष खिलाड़ी और मानसिक प्रशिक्षक एक साथ आए, जिनमें ओफ़ेली डेविड, केमीया ब्रुयास, ऐन लेजौ, ज़्यौं-ईव ओज़िए और कैरिन फ़ॉन्टबोन शामिल थे। सभी ने योग के विविध अभ्यासों के लाभों का बयान किया जो कभी-कभी फ़ुटबॉल जैसे क्षेत्रों में असामान्य होता है। बर्नाडेट डी गैसके ने भी ओलंपिक चैंपियन के साथ काम करने के अपने बहुमूल्य अनुभव को बताया।

19 जून को योग, नेतृत्व और शासन पर मास्टरक्लास हुईं। प्रतिभागियों को सच्चे नेतृत्व के मार्ग के रूप में योग के बारे में जानने के लिए आमंत्रित किया गया था। इसके तहत, दर्शकों के साथ बातचीत में, व्यवसाय जगत के अग्रणियों, राजनीतिक नेताओं, नेतृत्व सलाहकारों और योग के अभ्यासियों में से कुछ लोगों ने अपनी विशेषज्ञता, साक्ष्य और व्यावहारिक अनुभव साझा किए। प्रतिभागियों को आगामी महीनों में पेरिस के हार्टफुलनेस केंद्र में कार्यशालाओं के माध्यम से अपनी यह यात्रा जारी रखने का अवसर मिलेगा।

सिने-ध्यान हार्टफुलनेस द्वारा पिछले दस वर्षों में विकसित की गई एक अवधारणा है - एक प्रेरणादायक फ़िल्म से पहले या बाद में 20 मिनट निःशुल्क रिलैक्सेशन व ध्यान कराना। हार्टफुलनेस को कई वर्षों तक स्टिफ़न हास्कल के साथ काम करने का आनंद और सौभाग्य मिला है। स्टिफ़न ने उदारतापूर्वक अपनी फ़िल्म ‘डेबू’ प्रस्तुत की, जिसे 20 जून को प्रदर्शित किया गया। उसके बाद एक शानदार प्रश्न-उत्तर सत्र हुआ।

21 जून, अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस, को मुख्यतः प्रेरणादायक और योग विषय को समर्पित वार्ताओं का एक औपचारिक सत्र आयोजित किया गया था। उस सत्र में यूनेस्को की जनरल कॉन्फ़्रेंस की अध्यक्ष महामहिम मैडम सिमोना मिरेला मिकुलेस्कु; यूनेस्को में शिक्षा के लिए सहायक महानिदेशक मैडम स्टिफ़ानिया जिनीनी; यूनेस्को में भारत के राजदूत और स्थायी प्रतिनिधि महामहिम श्री विशाल वी. शर्मा और यूनेस्को में अमूर्त सांस्कृतिक विरासत पर 2003 के सम्मेलन की सचिव मैडम फुमिको ओहिनाटा, उपस्थित थे।

प्रदर्शनी को शानदार तरीके से समाप्त करने के लिए शाम को संगीतकार और डी.जे. पियरे रेवन और संगीतकार हबीब मेफ़्था ने हाउस म्यूज़िक, पारंपरिक वाद्ययंत्रों और ध्यानपूर्ण विराम के मिश्रण से हमें रोमांचित किया। इसने मंत्रमुग्ध और ग्रहणशील दर्शकों को बहुत प्रभावित किया। यह एक सच्चा अनुभव था जो लंबे समय तक याद रहेगा।

Music and dance.webp
Music.webp

 

 


Comments

क्लेयर बिगैंड

क्लेयर बिगैंड

उत्तर छोड़ दें