विक्टर कन्नन हाल ही में कान्हा शांतिवनम् स्थित आंतरिक शांति संग्रहालय देखने गए थे। वे हमें संग्रहालय के भीतर के शांत वातावरण के बारे में बता रहे हैं और हमें आंतरिक शांति से मिलने वाली स्थिरता को महसूस करने के लिए प्रेरित कर रहे हैं।
दुनिया भर में मौजूद अधिकांश शांति संग्रहालय युद्धों को समर्पित हैं। निस्संदेह वे शांति संग्रहालय हैं क्योंकि वे हमें बीते हुए युद्ध के समय की याद दिलाते हैं और उन विनाशकारी घटनाओं की याद दिलाते हैं जो फिर कभी नहीं घटित होनीं चाहिए। लेकिन भारत के हैदराबाद शहर के बाहरी इलाके में स्थित कान्हा शांतिवनम् में एक ऐसा संग्रहालय है जो एक अलग ही तरह की शांति को समर्पित है - मन की शांति, हृदय की शांति और आत्मा की शांति। सबसे पहले तो यह मानवता की उन महान विभूतियों को एक विनम्र श्रद्धांजलि है जो एकता, प्रेम, आध्यात्मिकता और ईश्वर प्राप्ति के मार्ग पर चले हैं। सच कहें तो यह उससे भी कहीं अधिक है। इसे हम अद्वितीय कह सकते हैं क्योंकि यह एक आनुभविक संग्रहालय है। यह आगंतुकों को अपने हरे-भरे वातावरण में डूबने, सूक्ष्म दिव्यता से भरे वातावरण में ध्यान करने और यहाँ लगी कलाकृतियों व संस्थापनाओं से प्रेरित होने और आंतरिक शांति महसूस करने का अवसर प्रदान करता है।
“व्यक्तिगत शांति प्राप्त करके ही विश्व शांति प्राप्त की जा सकती है। और यह शांति पहले से ही मौजूद है। हमारा दर्शन हमें यह समझाता है कि शांति हमारा मूल स्वभाव है। ध्यान का अभ्यास ध्यानमयी अवस्था प्राप्त करने में हमारी मदद करता है। यह लगातार हमारे भीतर और जिन लोगों से हम जहाँ कहीं भी मिलते हैं, उनके साथ संबंधों में शांति बनाए रखता है। इस प्रकार हम जो भी हैं, उस वजह से शांति के प्रसार में योगदान दे रहे हैं।
जिस क्षण आप अभिमान, अहंकार, इच्छाओं आदि के सभी विचारों से अपने आप को मुक्त कर लेते हैं उसी क्षण आपकी आंतरिक शांति अपनी पूरी तीव्रता से प्रकट हो जाती है। आप इतना अधिक भारमुक्त हो जाएँगे कि खुद अपने स्वभाव को देखकर आश्चर्यचकित हो जाएँगे जो पूरी तरह से शांत है।” - दाजी
आंतरिक शांति संग्रहालय में प्रदर्शित वस्तुएँ सदियों से चली आ रही उच्चतम को प्राप्त करने की मानवता की खोज को तथा दुनिया की समृद्ध आध्यात्मिक परंपरा द्वारा प्रेरित एवं ध्यान के माध्यम से प्राप्त आंतरिक यात्रा को दर्शाती हैं।
इस संग्रहालय में अपनी मौलिक कृतियों का योगदान देने वाले कलाकार दुनिया के कोने-कोने से आते हैं। कान्हा शांतिवनम् के सुरम्य वातावरण में अपने प्रवास और अनुभवों से प्रेरित होकर वे संग्रहालय के स्टूडियो में रचना करते हैं। उनकी ये एकल और सामूहिक कृतियाँ दुनिया भर के विभिन्न मतों और विचारधाराओं का प्रतिनिधित्व करती हैं। इनमें उपासना के प्राचीन रूपों से लेकर आधुनिक वैज्ञानिक विचारों तक, सभी शामिल हैं। इनका मकसद एक ही है - जीवन को उच्चतम स्तर तक विकसित करना।
यह आंतरिक शांति संग्रहालय हमें सच्ची शांति पर, अपने हृदय की आंतरिक शांति पर केंद्रित होने के लिए प्रेरित करता है। यदि हमारे हृदय में यह स्थापित हो जाए तो इससे अपने आप ही बाहर भी शांति स्थापित हो जाएगी। यह एकता के सार्वभौमिक सिद्धांत अर्थात उस तथ्य को भी उजागर करता है कि हम सभी मनुष्य के रूप में उच्चतम स्तर तक विकसित होने की एकमात्र इच्छा से एकजुट हैं। इस इच्छा की पूर्ति धार्मिक विचार, विज्ञान, दर्शन, साहित्य, कला, संगीत, आध्यात्मिकता के माध्यम से हो सकती है या केवल मनुष्य होने के नाते से।
आंतरिक शांति संग्रहालय हमें सच्ची शांति पर, अपने हृदय की आंतरिक शांति पर केंद्रित होने के लिए प्रेरित करता है। यदि हमारे हृदय में यह स्थापित हो जाए तो इससे अपने आप ही बाहर भी शांति स्थापित हो जाएगी।

अधिक जानकारी के लिए कृपया ipm@heartfulness.org पर संपर्क करें।

विक्टर कन्नन
विक्टर हार्टफुलनेस ध्यान के एक उत्साही अभ्यासी और प्रशिक्षक हैं। व्यावसायिक क्षेत्र के मुख्य वित्तीय अधिकारी के रूप में वे दैनिक कार्यों एवं उत्तरदायित्वों में ध्यान के लाभों को भी ... और पढ़ें