तान्या मानिकतला से 6 प्रश्न

 

तान्या मानिकतला एक पुरस्कार विजेता भारतीय अभिनेत्री हैं। हमारी नई श्रृंखला, ‘6 प्रश्न...’ में हम तान्या से उन लोगों, जगहों और चीज़ों के बारे में प्रश्न पूछ रहे हैं जिनसे उन्हें अपने आप में स्थिरता महसूस करने में मदद मिलती है।

प्रश्न - अपनी देखभाल करने के लिए आपकी पसंदीदा गतिविधि क्या है? 

मैं समय-समय पर खुद को दुनिया से एकदम अलग कर लेती हूँ। बाहरी ऊर्जा की गिरफ़्त में आकर यह मान लेना कि यही हमारा आंतरिक प्रवाह है, बहुत आसान है लेकिन हम न तो खुद से वास्तव में जुड़े होते हैं और न ही उन कारणों पर विचार करते हैं कि जैसा हम महसूस कर रहे हैं, वैसा क्यों कर रहे हैं। मैं कुछ समय के लिए अपने आप में रहती हूँ और अपनी पसंदीदा चीज़ें करती हूँ जैसे पढ़ना, लंबी सैर के लिए निकल जाना, कभी-कभी लिखना और उन विचारों पर मनन करना जिनके लिए मुझे लगता है कि वे मेरे मन में बार-बार आ रहे हैं।

प्रश्न - अभिनय करने के अलावा आप कौन से शौक में अपने आप को व्यस्त रखती हैं जो आपको अपनी रचनात्मकता अभिव्यक्त करने में मदद करता है?

कभी-कभी मैं बस यूँ ही पेंटिंग करने लगती हूँ। मैं कोई कलाकार नहीं हूँ लेकिन उन भावनाओं को व्यक्त करना मुक्तिदायक लगता है जिन्हें शब्दों में व्यक्त करना मुश्किल होता है। पेंटिंग करना मुझे अपने बचपन की याद दिलाता है। इसमें कुछ विशेष होना ज़रूरी नहीं है। बेतरतीब ढंग से रंगों के छिड़काव से भी काम बन जाता है, जब तक मुझे यह महसूस होता रहे कि मेरी ऊर्जा को एक दिशा और अभिव्यक्ति मिल रही है।

प्रश्न - आपको ऐसा क्यों लगता है कि प्रकृति से जुड़े रहना महत्वपूर्ण है?

अपने मन को बोझ मुक्त रखने के लिए मेरा अपना तरीका है टहलना या दौड़ लगाना क्योंकि प्रकृति का साथ हमें याद दिलाता है कि सब कुछ ठीक हो जाएगा। मुझे अपने अंदर शांति महसूस होती है जब मैं थोड़ी देर बैठकर इस खूबसूरत प्रकृति पर गौर करती हूँ जिसका मैं भी एक हिस्सा हूँ। लहरों का टकराना, चिड़ियों का चहचहाना और समीर का मंद-मंद बहना अत्यंत सुखदायक होता है। इन सबसे मुझे यह समझने में मदद मिलती है कि मैं इस रचना में मात्र एक बिंदु हूँ और मेरे चारों ओर बहुत सी चीज़ें सराहनीय हैं।

प्रश्न - अपनी मित्रता और रिश्तों में आप किस चीज़ को सबसे अधिक महत्व देती हैं?

ईमानदारी और दयालुता को। स्थायी संबंधों की बुनियाद है करुणा। ऐसे में मैं वास्तव में जैसी हूँ वैसी ही रह सकती हूँ और साथ ही दूसरे व्यक्ति को भी ऐसा ही करने की आज़ादी और अवसर दे सकती हूँ।

प्रश्न - आपको इस वक्त किस उक्ति अथवा व्यक्ति से प्रेरणा मिल रही है?

access-full-potential2.webp

मैं टेलर जेनकिन्स रीड की पुस्तक ‘कैरी सोटो इज़ बैक पढ़ रही हूँ। यह एक अवकाश प्राप्त टेनिस खिलाड़ी के बारे में है जो अपनी वापसी कर रही है। मुझे लगता है कि उसकी दृढ़ता और कर्म-शक्ति वास्तव में प्रेरणादायक है। सब कुछ हासिल कर लेने के बाद अब फिर से उसी चीज़ के लिए संघर्ष करना और अपने पिछले (सफल) रूप की परछाई मात्र के रूप में न याद किया जाना, यह वाकई प्रशंसनीय है।

प्रश्न - आपको अब तक सबसे अच्छी व्यावसायिक सलाह क्या मिली है?

जब आपके आसपास लोग प्रगति करते हैं तभी आप भी प्रगति करते हैं।दूसरों की खुशियों में प्रसन्नता महसूस करें। अपने अनुकूल वातावरण बनाएँ जिससे आप उचित परिणाम प्राप्त कर सकें। मैं जिस कला का हिस्सा हूँ उसमें सामूहिक रूप से एकसाथ मिलकर काम किया जाता है और मैं वास्तव में अपने चारों ओर की ऊर्जा से प्रभावित होती हूँ। यह किसी एक व्यक्ति का काम नहीं है। अधिकतर व्यवसायों में भी कार्य समूह में ही होता है। इसलिए अपने चारों ओर ऐसी ऊर्जा उत्पन्न करें जिसकी मदद से आप अपने पूर्ण सामर्थ्य को प्राप्त कर सकें।

 


Comments

तान्या मानिकतला

तान्या मानिकतला

तान्या एक पुरस्कार विजेता भारतीय अभिनेत्री हैं जो हिंंदी वेब सीरीज़ में काम करती हैं। उन्हें ‘फ्लेम्स’ में इशिता और ‘ए सूटेबल बॉय’ में लता मेहरा के किरदार के लिए जाना जाता है। एक अभिनेत्री के रूप में अपना व्यावसायिक जीवन शुरू करने से पहले... और पढ़ें

उत्तर छोड़ दें