कविताओं की श्रृंखला के इस पहले भाग में मोहम्मद उस्मान निजी आध्यात्मिक यात्रा का वर्णन करते हैं जिसका नील नदी से शुरू होकर असीसी के पहाड़ों की चोटी पर एक कृपापूर्ण क्षण में समापन होता है। यह आंतरिक परिवर्तन, अंतर्धार्मिक समझ और आत्मा के शांतिपूर्ण प्रकटीकरण के बारे में है।

दो जलाशयों से जन्मा
मैं नील के किनारे जन्मा, मैनसौरा में - डैमियेटा के करीब
जहाँ नदी सागर से मिलती है -
एक ओर नमक है, एक ओर मिठास है।
कुरान भी बताता यह रहस्य -
“उसने दो सागरों को बहने दिया है जो आपस में मिल जाते हैं
दोनों के बीच एक सीमा है, जिसे वे पार नहीं करते हैं।”
(55:19-20)
बचपन में भी वह स्थान पवित्र लगता था।
हम गरीब थे, वहाँ अक्सर नहीं जा पाते थे।
मेरी अमीर चाची का वहाँ घर था - लेकिन उनके पति बहुत क्रूर थे।
इसलिए मैं तट पर अकेला विचरता था,
सर आकाश की तरफ़ उठाए,
कई सवाल मन में लिए, जिन्हें पूछना भी मुझे तब न आता था।
बाद में, मैं उस समुद्र तट पर लौटा,
सिगरेट पीने के लिए। शराब पीने के लिए। कुछ खोजने के लिए।
मैं डैमियेटा की रेत पर चलता रहता,
इस बात से अनजान कि मैं पवित्र पद चिन्हों पर चल रहा था।
इससे भी अनजान कि कोई संत आए थे वहाँ,
एक उपहार लिए –
और इंतज़ार करते रहे कि कोई उसे लौटाए।

