रूबी कार्मेन आयरलैंड की एक प्राचीन लोककथा प्रस्तुत करती हैं जो डाग्दा और उनके जादुई हार्प (त्रिकोण आकार का तंतुवाद्य) के बारे में है। हार्प का संगीत लोगों का उपचार करता थाउन्हें रूपांतरित करता था और ‘तुआथ दे दानन’ (आयरलैंड की देवी दानु का समुदाय) की रक्षा करता था।

 

यह एक जादुई हार्प और सुदूर पश्चिम के प्राचीन आयरलैंड के एक अलौकिक कबीले की कहानी है। यह बहुत पुराने समय की बात है जो इतिहास के पन्नों में धुंधली हो चुकी है और अब केवल कभी-कभी याद की जाती है।

इस जादुई हार्प के रक्षक डाग्दा थे। डाग्दा कबीले के मुखिया थे जो कई लोगों के अनुसार देव-तुल्य व्यक्ति थे जिनमें अपार शक्ति और अच्छाई थी। वे इसलिए देवतुल्य थे क्योंकि उनमें अपार शक्ति और अपार अच्छाई, दोनों समान रूप से विद्यमान थीं। उनके पास एक चमत्कारी पात्र था जिसे प्रचुरता का पात्र कहा जाता था।

उनका हार्प अत्यंत भव्य था। उसे पवित्र शाहबलूत (oak) की लकड़ी से बनाया गया था और सोने व रत्नों से जड़ा गया था। लेकिन उसकी असली शक्ति उसके दिव्य संगीत में थी। उस हार्प में ऐसा जादू था कि वह अनेक युद्धों के बाद थके योद्धाओं के दुखों को हर लेता था। उससे निकलने वाले पवित्र सुरों को सुनकर योद्धा अपने सारे दुख-दर्द भूल जाते थे।

जब डाग्दा हार्प के तारों को छेड़ते तब प्रकृति में ऋतुओं का चक्र सही चलता था और वह संगीत योद्धाओं को युद्ध करने के लिए तैयार कर देता था।

उस समय प्राचीन आयरलैंड में कई युद्ध लड़े गए। ऐसे ही एक युद्ध के दौरान जब हार्प की रखवाली के लिए कोई नहीं था तब शत्रु पक्ष ने मौका पाकर उसे चुरा लिया जो ‘तुआथ दे दानन’ की सबसे अनमोल धरोहर, एक महान खज़ाना था।

tuatha-2.webp

डाग्दा के शत्रु उस हार्प को लेकर घने जंगल में भाग गए और वहाँ एक खाली पड़े समारोह भवन में अपनी जीत का जश्न मनाने लगे। उन्हें लगा कि अब जादुई हार्प उनके पास था इसलिए शायद डाग्दा की शक्ति हार्प के जादू के बिना क्षीण हो जाएगी। जब वे जीत के नशे में डूबे थे तभी भवन के भारी दरवाज़े अचानक खुले और चारों ओर सन्नाटा छा गया। डाग्दा वहाँ हार्प को वापस लेने आए थे।

उन्होंने सर्दियों की सुबह की पश्चिमी हवाओं की गर्जना जैसी भारी आवाज़ में पुकारा, “मेरे प्रिय हार्प, मेरे पास आओ!”

वह जादुई हार्प अपने स्वामी की आज्ञा मानकर भवन के बीच से उड़कर डाग्दा के विशाल व अधीर हाथों में वापस पहुँच गया।

डाग्दा ने हार्प के तारों पर कुछ कोमल व पवित्र सुर छेड़े। उस संगीत का हर एक स्वर पूरे कक्ष में किसी मंत्र की तरह गूँज उठा और वहाँ उपस्थित हर व्यक्ति - पुरुष, स्त्री और बच्चे - पर उसका गहरा प्रभाव पड़ा। वह संगीत विलाप जैसा सुनाई दे रहा था या कहें, उसकी तीव्रता आँसुओं की बाढ़ जैसी प्रतीत हो रही थी। उसकी ध्वनि इतनी दुखद थी और उसने उन लोगों के हृदयों को इस हद तक भेद दिया कि स्त्रियाँ और बच्चे रोने लगे तथा उस विषाद में उनके गले भर आए। अपने प्रियजनों को इतना व्याकुल देखकर शत्रु योद्धा भी दुख और शोक से भर गए।

tuatha-3.webp

लेकिन चतुर डाग्दा के पास अभी एक और विकल्प था। उन्होंने एक नया सुर छेड़ा जिसने माहौल को पूरी तरह बदल दिया। अब शोक की जगह शत्रु पक्ष के सभी पुरुष बेकाबू होकर हँसने लगे। वे हँसी को रोक नहीं पाए और इतना हँसे कि वे खड़े भी नहीं हो पा रहे थे, डाग्दा के खिलाफ़ हथियार उठाना तो दूर की बात थी।

रो रही स्त्रियाँ अविश्वास में पुरुषों को देख रही थीं और इससे पहले कि वे पुरुषों को डाँटने के लिए कुछ कह पातीं, डाग्दा ने हार्प का एक और तार छेड़ दिया। वह संगीत माँ की लोरी की तरह मधुर और परम शांति देने वाला था। वह सबसे मधुर, सबसे कोमल ध्वनि थी, जो आनंद और सुंदरता बिखेर रही थी। उसका प्रभाव ऐसा था कि वहाँ मौजूद हर व्यक्ति एक गहरी और सुखद निद्रा में चला गया। वह ‘निद्रा संगीत’ था। बच्चे अपनी माँओं की गोद में जाकर सो गए और डाग्दा अपना जादुई हार्प लेकर सुरक्षित वहाँ से निकल गए।

वह जादुई हार्प ही था जिसने ‘तुआथ दे दानन’ और प्राचीन आयरलैंड को शत्रुओं से बचाया। आज भी, हार्प आधुनिक आयरलैंड का राष्ट्रीय प्रतीक है जो उसकी सांस्कृतिक पहचान और उनके स्वाभिमान को दर्शाता है।

tuatha-4.webp

 

संदर्भ -

1. डाग्दा (The Dagda) - वे आयरलैंड की पौराणिक कथाओं में शक्तिशाली व पिता समान देवता हैं जो तुआथ दे दानन के मुखिया हैं और जिन्हें अच्छा देवता कहा जाता है। उनका संबंध प्रचुरता, प्रजनन क्षमता, शक्ति, जादू, ज्ञान और प्रकृति से संबंधित अध्यात्म से माना जाता है।

2. तुआथ दे दानन (Tuatha Dé Danann) - इसका शाब्दिक अर्थ है देवी दानु का समुदाय। उन्हें तुआथ दे (देवताओं का कबीला या दिव्य कबीला) भी कहा जाता है। आयरलैंड की पौराणिक कथाओं के अनुसार वे अलौकिक लोग हैं। उनमें से अनेक ईसाई धर्म के उद्भव से पहले के गेलिक आयरलैंड के देवताओं का प्रतिनिधित्व करते हैं।


Comments

रूबी कार्मन

रूबी कार्मन

रूबी एक हार्टफुलनेस प्रशिक्षक, शिक्षक व अनुभवी परामर्शदाता हैं और कभी-कभी लिखती भी हैं... और पढ़ें

उत्तर छोड़ दें