सारा बब्बर एक राजा की कहानी सुना रही हैं जिन्होंने अपनी जासूसी से एक मामला सुलझाया। फिर वे हमें पेड़ों के बारे में कुछ मज़ेदार तथ्य बता रही हैं और खुद सुलझाने के लिए कुछ जासूसी कार्य भी प्रस्तुत कर रही हैं।
जासूस राजा
एक समय की बात है, दूर किसी राज्य में एक शानदार शाही बाग था। फूलों के बगीचे, औषधीय पौधे और फलदार पेड़ों से भरा बाग पक्षियों, छोटे जानवरों और थके हुए मज़दूरों को आकर्षित करता था। उसके रख-रखाव की ज़िम्मेदारी मुख्य माली पर रहती थी। वह बागवानी में माहिर था और अपने बगीचे के आधुनिकतम विकास के प्रति समर्पित था।
एक दिन, वह अर्क के झाड़ के नीचे गया जहाँ वह अक्सर जाया करता था। जैसे ही उसने जड़ों के चारों ओर खोदना शुरू किया, वह घबरा गया। उसने वहाँ ज़मीन में जो घड़ा गाढ़ा था और जिसकी बहुत अच्छे से देखभाल की थी, वह उसे वहाँ नहीं मिला। घड़े में उसकी ज़िंदगी भर की जमा पूँजी थी। कई स्थानों पर खुदाई करने और कुछ दिनों तक परेशान रहने के बाद वह राजा के पास गया जिसे बहुत बुद्धिमान और न्यायप्रिय माना जाता था।
उसने राजा से कहा कि उसने अपनी ज़िंदगी भर की जमा पूँजी खो दी है। राजा ने विवरण माँगा तो उसने बताया कि उसने अपना सोना एक अर्क के पौधे के नीचे दबाया था और कुछ दिनों पहले उसे देखा था। उसे यकीन था कि उसे किसी ने चुरा लिया था। राजा ने अपनी जीवन भर की जमा पूँजी को इतनी असुरक्षित जगह पर दबाने के लिए उसे फटकार लगाई। उसने माली को घर जाने के लिए कहा और भरोसा दिलाया की वह स्वयं उसकी जाँच करेगा।
राजा ने अपने वैद्य को बुलाया और उससे अर्क के पौधे के बारे में पूछा। वैद्य ने कहा कि उसने औषधि बनाने के लिए अर्क के पौधे के किसी भी हिस्से का इस्तेमाल नहीं किया था। राजा ने राज्य के सभी वैद्यों को बुलाया और उनसे अर्क के बारे में पूछा पर किसी भी वैद्य को जानकारी नहीं थी।
अंत में, एक बूढ़ा वैद्य सामने आया और उसने कहा कि अर्क की जड़ें एक दुर्लभ बीमारी को ठीक करने में काम आती हैं। राजा ने पूछा कि क्या उसने हाल ही में इसकी सलाह किसी मरीज़ को दी थी। वैद्य ने राजा को बताया कि एक व्यापारी को यह दुर्लभ बीमारी हो गई थी और उसने उससे अर्क की जड़ों से रस बनाने के लिए कहा था।
राजा समझ गया कि उसे सुराग मिल गया था। उसने व्यापारी को बुलाया और उसके स्वास्थ्य के बारे में पूछा। व्यापारी ने उसे दुर्लभ बीमारी के बारे में बताया और यह भी बताया कि कैसे वैद्य के बताए नुस्खे यानी अर्क की जड़ से निकले रस ने उसकी जान बचाई। राजा ने पूछा कि उसे जड़ें कहाँ से मिलीं। व्यापारी ने कहा कि उसे नहीं पता क्योंकि उसका नौकर उसके लिए जड़ें लाया था। राजा ने उसे नौकर को दरबार में पेश करने के लिए कहा।
नौकर को अंदर लाया गया और राजा ने उससे पूछा कि क्या वह अपने मालिक के लिए अर्क की जड़ें लाया था। नौकर ने बताया कि उसने ऐसा किया था। राजा ने पूछा कि उसे जड़ें कहाँ से मिलीं। नौकर ने हकलाते हुए राजमहल के बगीचे में अर्क के झाड़ के बारे में बताया। राजा ने अंत में पूछा कि क्या पेड़ के आसपास कुछ था। नौकर चुप हो गया तो राजा ने कहा कि अगर वह सच बोलता है तो उसे माफ़ कर दिया जाएगा। नौकर ने कुबूल किया कि उसने पेड़ के नीचे दबाए गए सोने का घड़ा चुराया था।
राजा ने नौकर को सोना लाने के लिए कहा। उसने उसे सच कुबूल करने के लिए तीन सोने के सिक्के दिए और बाकी को अपने मुख्य माली को वापस कर दिया और यह चेतावनी भी दी कि अब कभी भी अपनी ज़िंदगी की जमा पूँजी को बगीचे में न गाढ़े। जटिल मामले को इतनी अच्छी तरह से सुलझाने के लिए राजा को हर जगह सराहा गया। उसके राज्य में सभी एक बार फिर खुश और समृद्ध थे।

वृक्ष डाक्टर हैं - कुछ रोचक जानकारियाँ
क्या आप जानते हैं कि पेड़ प्राकृतिक डॉक्टर होते हैं और इनके कई फ़ायदे होते हैं। इनकी जड़ों, तनों, पत्तियों, फलों और फूलों का इस्तेमाल कई बीमारियों को रोकने या उनका इलाज करने के लिए किया जा सकता है।
बरगद के पेड़ में सूजन कम करने के गुण होते हैं और इसकी छाल का उपयोग फोड़े, जलन और त्वचा के रोग के इलाज के लिए किया जा सकता है।

सहजन लिवर को क्षति, ऑक्सीकरण और विषाक्तता से बचाता है। यह घावों को भी भर सकता है और इसमें कई विटामिन और खनिज (minerals) होते हैं।

पपीते के पत्ते का इस्तेमाल पारंपरिक दवाओं में मधुमेह और उच्च रक्त शर्करा के स्तर के उपचार के लिए किया जाता रहा है। यह रक्त में प्लेटलेट की संख्या भी बढ़ा सकता है।

नीम कई त्वचा रोगों, घावों और जलन के उपचार में प्रभावी है। इसके विषहरण (डिटॉक्स) गुण मुँह के स्वास्थ्य को बेहतर करते हैं।

पहेलियाँ
जिस प्रकार जासूस राजा ने अपने रहस्य को सुलझाया, यहाँ आपके हल करने के लिए कुछ पहेलियाँ दी गई हैं –
- इसकी आँखें नहीं हैं लेकिन सबको राह दिखाती है, बताओ क्या?
- किसमें 88 कुंजियाँ होती हैं?
- एक आदमी जो बारिश में बिना छाते या टोपी के बाहर था, उसके सिर का एक भी बाल गीला नहीं हुआ। क्यों?
- क्या छुआ जा सकता है लेकिन कभी देखा नहीं जा सकता?
- एक मंज़िला मकान है जिसमें सब कुछ पीला है - पीली दीवारें, पीले दरवाज़े, पीले फर्नीचर। सीढ़ियाँ किस रंग की हैं?
उत्तर -
1. पुस्तक, 2. पियानो, 3. वह गंजा था, 4. दिल, 5. सीढ़ियाँ ही नहीं हैं , यह एक मंज़िला घर है।

सारा बब्बर
सारा एक कहानीकार, मोंटेसरी सलाहकार और बच्चों की एक पुस्तक की लेखिका हैं। वे एक प्रकृतिवादी भी हैं और बाल्यावस्था में पारिस्थितिकी चेतना के विषय में डॉक्टरेट कर रही हैं। वे आठ वर्षों... और पढ़ें
