अगस्त 2 ,1976 के इस पत्र में शाहजहाँपुर के श्री रामचंद्र जी (बाबूजी) एक आंतरिक आध्यात्मिक दशा के रूप में मौन पर तथा तनाव को हटाने से आने वाले हल्केपन पर अपने विचार प्रस्तुत करते हैं और बताते हैं कि किस तरह ध्यान के दौरान विचारों पर ध्यान न देने से उनकी शक्ति खत्म हो जाती है।
अगस्त 2 ,1976
मेरे प्रिय पोरे,
तुम्हारा स्नेहपूर्ण पत्र मिला। हम अपने जीवन में प्रायः ‘हाँ’ और ‘ना’ के बीच बँधे रहते हैं लेकिन हम यह नहीं जानते कि कहाँ पर ‘हाँ’ कहना है और कहाँ पर ‘ना’ कहना है। यह समझ अनुभव से आती है और अनुभव प्रयोग से प्राप्त होता है। जब आप किसी बात के बारे में सकारात्मक रूप में सोचते हैं तो उसका अर्थ स्पष्ट हो जाता है। और इसी तरह यदि आप कुछ चीज़ों के लिए ‘नहीं’ बोलते हैं तो उस ‘नहीं’ का अर्थ भी स्पष्ट हो जाता है। जब तनाव उत्पन्न होता है तब अंदर की पकड़ ढीली पड़ जाती है। जब तनाव चला जाता है, उस तनाव की सूक्ष्म छाप बनी रहती है जो उतनी भारी नहीं होती लेकिन फिर भी कुछ न कुछ बनी रहती है यानी वह हमारी आंतरिक दशा को कुछ हद तक प्रभावित करती रहती है। जब दोनों चले जाते हैं तब उस स्थिति को हम मौन की दशा या आंशिक शून्यता की अवस्था कह सकते हैं। पूर्ण शून्यता कभी नहीं होती है लेकिन हम शून्यता की अवस्था को, जितना भी संभव हो, प्राप्त करना चाहते हैं। पूर्ण शून्य तो केवल ईश्वर ही हैं। जब हम दिव्यता में विलीन हो जाते हैं, शून्यता की अवस्था भी स्वयं विलीन होने लगती है जब तक कि यह उसके निकटतम बिंदु पर नहीं पहुँच जाती। मुझे लगता है कि यह विषय आपके पत्र के विषय से अलग है लेकिन यह परम सत्ता का कुछ ज्ञान देता है।
मौन आध्यात्मिकता का एक छोटा सा हिस्सा है और यह पूरा सत्य नहीं है। यदि हम इसकी व्याख्या करना चाहते हैं तो हम कह सकते हैं कि ‘मौन में मौन’, जैसा कि मैंने पहले आपको लिखा था, ईश्वर के ज़्यादा करीब है। कहने का मतलब है कि मौन ही वह आसन है जिस पर परम मौन प्रतिष्ठित है। इसे व्यावहारिक रूप से अनुभव किया जा सकता है और आप इसे ठीक ढंग से कर सकते हैं। सिर्फ़ एक विचार रखें और प्रक्रिया अपने आप शुरू हो जाएगी। सहज मार्ग आत्मसाक्षात्कार की एक व्यवहारिक प्रक्रिया है और सिर्फ़ अभ्यास के द्वारा ही हम मौन को समझ सकते हैं। बाहर असंख्य सूक्ष्म जीवाणु हैं जिन्हें हमारी आँखें देख नहीं पातीं लेकिन फिर भी वे मौजूद हैं। इसी तरह मौन अमूर्त रूप में मौजूद है भले ही वह हमें दिखाई न दे। लेकिन निरंतर अभ्यास के द्वारा उसका अनुभव किया जा सकता है। यह उसी बात को समझने का दूसरा तरीका है।
इस प्रकार प्रार्थना के द्वारा हम बाहरी शोर से बाहरी शांति की तरफ़ जाते हैं। सफ़ाई की प्रक्रिया द्वारा हम बाहरी शांति से आंतरिक शांति की तरफ़ जाते हैं। आंतरिक अंधकार भीतर का शोर है जो शरीर और मन के तनाव से उत्पन्न होता है। तनाव को हटाने से खालीपन पैदा होता है। यह कथन सुनने में ठीक नहीं लगता। प्रार्थना के द्वारा हम अपने लक्ष्य के करीब पहुँचते हैं क्योंकि इससे हम परम सत्ता यानी ईश्वर के संपर्क में आते हैं। अब दो बातें हैं - एक जीवन का लक्ष्य और दूसरी आप स्वयं। अब चूँकि आप स्वयं परम तत्व में विलीन होना चाहते हैं, इसीलिए आपको फ़ायदा मिलता है। यदि आप अंदर आने वाली इन सभी चीज़ों को हटा दें तो आप सिर्फ़ सम्मोहन शक्ति विकसित करेंगे। विधिपूर्वक की गई साधना हमें अमृत प्रदान करती है और वही साधना यदि विधिपूर्वक न की जाए तो हानिकारक सिद्ध होती है। इसकी विधि आपको पहले से ही पता है।
तनाव दूर करने का मतलब हल्का होना है, न कि खालीपन पैदा करना। यह एक प्रकार से अच्छे के लिए परिवर्तन है। पारदर्शिता की अवस्था पूरी तरह से सीमितताओं से मुक्त नहीं होती क्योंकि उसमें कुछ ऐसा होता है जिससे आप उसमें झाँक सकते हैं।
ध्यान के दौरान आने वाले विचार बिलकुल ऐसे होते हैं जैसे सड़क पर खेलते हुए बच्चे। जब आपका ध्यान विचारों की तरफ़ नहीं जाता तब वे अप्रभावी हो जाते हैं और उनका कोई महत्व नहीं रहता। विचार आपको परेशान नहीं करते लेकिन आपको लगता है कि आप उनसे परेशान हो रहे हैं। उनसे छुटकारा पाने का सबसे अच्छा तरीका आपने स्वयं ही बताया है। वे जाने के लिए ही आते हैं। वे अपना क्षेत्र छोड़ रहे होते हैं। अपने भीतर दिव्यता के आगमन के इंतज़ार में हमारी पद्धति यह है कि हम उन सभी चीज़ों से दूर रहें जो आवश्यक नहीं हैं। मेरी किताब ‘राजयोग के दिव्य दर्शन’ में बताया गया बिंदु बी छापों का घर है। जब ध्यान की शक्ति हृदय के आवरण को हटा देती है तब वहाँ पर मौजूद थोड़े से खालीपन के कारण विचार उस ओर आकर्षित होते हैं। जब विचार उठते हैं तब आप परेशानी महसूस करते हैं। इसीलिए विचार आपसे नहीं उलझते, वास्तव में आप ही उनसे उलझ जाते हैं।
आप सभी को शुभकामनाएँ
आपका स्नेही
रामचंद्र
हार्टफुलनेस इंस्टिट्यूट की ओर से
द हार्टफुलनेस इंस्टिट्यूट एक वैश्विक लाभ-निरपेक्ष संस्था है जो हृदय-आधारित ध्यान विधि प्रदान करती है। यह आंतरिक कल्याण और सामूहिक सद्भाव के लिए एक योगिक अभ्यास है।
https://heartfulness.org/global/

बाबूजी
शाहजहाँपुर के श्री रामचंद्र (1899-1983), जिन्हें प्यार से बाबूजी कहा जाता था, एक क्रांतिकारी आध्यात्मिक वैज्ञानिक और दार्शनिक थे। वे वर्त... और पढ़ें
