पवित्र रूपरेखा के प्रारंभिक सिद्धांत के रूप में संकल्प के विषय पर लिखे गए दो लेखों में से पहला लेख प्रस्तुत है जिसमें बताया गया है कि विचार, इरादा और इच्छाशक्ति किस तरह आध्यात्मिक परिवर्तन के साधन बन सकते हैं।
एन.एस.नागराज और जोशुआ पोलॉक द्वारा प्रस्तुत
आध्यात्मिक साधना का उद्देश्य साधक की दशा में परिवर्तन लाना है। हम प्रार्थना करते हैं, ध्यान करते हैं, मनन करते हैं या पूजा करते हैं क्योंकि हम अपने दृष्टिकोण, चेतना, चरित्र या दिव्यता के साथ अपने संबंध में परिवर्तन लाना चाहते हैं। एक विधि हमारी आकांक्षा को आकार देती है। लेकिन अभ्यास द्वारा वांछित परिवर्तन होना दो प्रकार की गतियों पर निर्भर करता है - अभ्यासी अपने अंतरतम से कुछ अर्पित करें और दिव्यता उसका प्रत्युत्तर दे। अभ्यासी का इस प्रक्रिया को शुरू करने का आंतरिक साधन संकल्प है। यह हमारे अंदर पहले से मौजूद संसाधनों जैसे इरादा, विचार और इच्छाशक्ति का उपयोग करता है तथा उस आंतरिक प्रक्रिया को दिव्य क्रिया से जोड़ता है।
हार्टफुलनेस के प्रथम गुरु फ़तेहगढ़ के श्री रामचंद्रजी (लालाजी) के पास कई बार अभ्यासी अपने व्यक्तिगत दोष दूर करने में मदद माँगने के लिए जाया करते थे। उनकी समस्या सुनकर वे कभी कोई सलाह नहीं देते थे और न ही कोई उपाय बताते थे। वे सिर्फ़ इतना कहते थे, “अच्छा?”- “हाँ?”- और वह दोष गायब हो जाता था।1
हिंदी का शब्द “अच्छा” इस तरह के परिणाम को समझा नहीं सकता। यह एक साधारण शब्द है और हर दिन सभी के द्वारा प्रयोग किया जाता है। उस परिणाम में जिस बात का महत्व था वह उन शब्दों के पीछे का संकल्प था।
यही सिद्धांत व्यापक रूप से लागू होता है। अध्यात्म में हम कई तकनीकों का उपयोग कर सकते हैं जैसे ध्यान, प्रार्थना, मनन, पूजा या कोई अन्य, लेकिन इनका प्रभाव इनके पीछे के संकल्प पर निर्भर करता है। हम चाहे कोई भी अभ्यास करें, उसकी सफलता के लिए हमें उपलब्ध प्राथमिक साधन संकल्प है - यही विधि की विधि है।
संकल्प को समझने के लिए हम इस शब्द से ही शुरू करते हैं। इस शब्द की व्युत्पत्ति दो तत्वों के संयोग से हुई है - ‘सं’ का अर्थ है ‘साथ’ और ‘कल्प’ का अर्थ है ‘प्रण’। लेकिन संस्कृत शब्दों का अर्थ अक्सर उनके भागों के योग से भी अधिक होता है। संकल्प का व्यापक अर्थ समझने के लिए हम ‘कल्प’ से शुरू करते हैं।
हमारे विचार बेतरतीब नहीं उठते बल्कि हृदय के संकल्प का अनुसरण करते हैं। वाणी और कर्म विचार से उत्पन्न होते हैं लेकिन विचार स्वयं संकल्प से पैदा होते हैं। संकल्प ही विचार और कर्म के पीछे की प्रेरक शक्ति है। विचार को हृदय का संकल्प ही दिशा देता है।
हार्टफुलनेस में हृदय मन का गहनतर पक्ष माना जाता है। संकल्प हृदय से जुड़ा होता है; विचार सतह पर प्रकट होते हैं। इसलिए इनका संबंध समरूप नहीं होता। विचार संकल्प के निर्देश का पालन करते हैं। संकल्प सक्रिय रहता है और उसके निर्देश के अनुसार विचार अपना स्वरूप लेते हैं।
दाजी ने एक बार शाहजहाँपुर के श्री रामचंद्रजी (बाबूजी) के साथ दिसंबर की एक ठंडी सुबह का किस्सा साझा किया। बाबूजी ने अपनी हथेली के पीछे अपने नाखून से एक रेखा खींची जो ठंड के कारण उनकी त्वचा पर एक सफ़ेद रेखा के रूप में उभर आई। “यह एक जल-धारा है,” वे बोले। फिर उन्होंने उसकी शाखा बनाते हुए दूसरी रेखा खींची और कहा, “पचास प्रतिशत शक्ति कम हो गई।” फिर उन्होंने तीसरी रेखा खींचकर कहा, “शक्ति और कम हो गई।”
जब जल एक धारा में बहता है तब उसकी शक्ति उस धारा में ही केंद्रित रहती है। जब उस धारा की शाखाएँ बन जाती हैं तब जल प्रवाह भी उन धाराओं में बँट जाता है और मूल धारा की शक्ति भी कम हो जाती है। हर अतिरिक्त शाखा मूल धारा की शक्ति को कम कर देती है।
हार्टफुलनेस में हृदय मन का गहनतर पक्ष माना
जाता है। संकल्प हृदय से जुड़ा होता है; विचार
सतह पर प्रकट होते हैं। इसलिए इनका संबंध
समरूप नहीं होता। विचार संकल्प के निर्देश का
पालन करते हैं। संकल्प सक्रिय रहता है और
उसके निर्देश के अनुसार विचार अपना स्वरूप
लेते हैं।
इसी तरह हर संकल्प में शक्ति होती है। जब इरादे या संकल्प अनेक हो जाते हैं तब शक्ति भी उनमें बँट जाती है और व्यक्ति का आत्मबल क्षीण हो जाता है - जैसा कि दाजी कहते हैं कि जब किसी फ़ोन में कई एप्लीकेशन एक साथ चलते हैं तो उसकी बैटरी जल्दी खत्म हो जाती है। जब हृदय में एक ही संकल्प होता है तब व्यक्ति की पूरी शक्ति उसके पीछे होती है। यही इच्छाशक्ति है। जब यह गहन होती जाती है तब यह दृढ़ निश्चय में बदल जाती है। जब निश्चय इतना दृढ़ हो जाता है कि कोई संदेह नहीं रहता और व्यक्ति ठान लेता है कि “यह अवश्य होगा” तब इसकी प्रकृति प्रण की होती है। यही ‘कल्प’ है।
व्यक्ति अपनी इच्छाशक्ति का प्रयोग अपनी समझ और परिस्थिति के अनुसार करता है। चाहे इसकी सभी धाराएँ एक हो जाएँ फिर भी वह साधक की वर्तमान समझ, पसंद, सीमाओं, इच्छाओं, भय या किसी विशेष परिणाम के प्रति लगाव के माध्यम से कार्य करती है। व्यक्ति किसी कार्य को पूर्ण करने के लिए, अपने विचार को साबित करने के लिए, पहचान पाने के लिए, वाद-विवाद में विजय पाने के लिए या किसी बात को सिद्ध करने के लिए दृढ़ संकल्पित हो सकता है। ऐसा संकल्प उसे कुछ हासिल करने में मदद कर सकता है लेकिन यह अपने आप उसकी आध्यात्मिक दशा में परिवर्तन नहीं कर सकता, जिसके लिए आध्यात्मिक अभ्यास किया जाता है।
एक साधक केवल अपनी व्यक्तिगत इच्छा से न तो स्वयं को और न ही किसी अन्य को उच्चतर प्रकृति प्रदान कर सकता है।
इसीलिए ‘कल्प’ को इसके संस्कृत उपसर्ग ‘सं’ जिसका अर्थ ‘साथ’ या ‘से’ है, के साथ समझा जाना चाहिए। संकल्प लेते समय व्यक्ति अपनी व्यक्तिगत इच्छा को दिव्य इच्छा के साथ जोड़ देता है। उद्देश्य जो व्यक्ति की वर्तमान दशा से उभरता है, अपने आपको उच्चतर और दिव्य उद्देश्य के साथ समायोजित कर लेता है। व्यक्तिगत मनस अब वह स्रोत नहीं रह जाता जिससे कार्य आगे बढ़ता है बल्कि वह साधन बन जाता है जिससे उच्चतर इच्छा कार्य कर सकती है।
‘योग’ शब्द में भी यही भाव निहित है। योग ईश्वर के साथ जुड़ने की ओर इंगित करता है - वह अवस्था जिसमें व्यक्तिगत इच्छा दिव्य इच्छा के साथ मिलकर एक हो जाती है। दिव्य इच्छा मार्गदर्शन करती है और व्यक्तिगत इच्छा उसका सहयोग करती है। व्यक्तिगत इच्छाशक्ति सक्रिय रहती है लेकिन अब यह आत्म-केंद्रित या आत्म-निर्देशित नहीं रह जाती। नियंत्रण ईश्वर को हस्तांतरित किया जा चुका होता है।

उच्चतर मार्गदर्शन के अंतर्गत विचार, इरादा और इच्छाशक्ति मिलकर दिव्य कार्य के साधन बन जाते हैं। विचार, इरादे और इच्छाशक्ति का यह मिलन व्यक्तिगत शक्ति का कोई दावा नहीं है बल्कि विचार, इरादे और इच्छाशक्ति का यह एकीकरण हमें संकल्प को उत्साही और प्रार्थनापूर्ण हृदय से अर्पित करने में मदद करता है। इस तरह संकल्प झिझक, बिखरे ध्यान या अलग-अलग उद्देश्यों से कमज़ोर नहीं होता।
ऐसा सहयोग स्थापित करने के लिए आस्था का होना ज़रूरी है क्योंकि यह हमें केवल अपनी व्यक्तिगत क्षमता तक सीमित नहीं रहने देती। अगर हम केवल अपने ऊपर ध्यान देते हैं तो हम सीमितता देखते हैं - सीमित ज्ञान, सीमित शुद्धता, सीमित शक्ति, सीमित दूरदृष्टि और परिणामों पर सीमित नियंत्रण। हमारा यह विचार, “यह हो जाएगा,” अपनी शक्ति खो देता है क्योंकि हम इसका मूल्यांकन अपनी सीमित क्षमता के परिप्रेक्ष्य में करते हैं।
बाबूजी ने एक बार कहा था, “अगर आप इच्छाशक्ति को विषाक्त करना चाहते हैं तो शंका पाल लीजिए।” शंका बन रहे विचार में एक विपरीत गति उत्पन्न करके इच्छाशक्ति को विषाक्त कर देती है। व्यक्ति मन में यह विचार रख सकता है, “यह हो जाएगा,” लेकिन साथ ही यह भी सोच सकता है कि “क्या यह वास्तव में हो सकता है?” इससे विचार के पीछे कार्यरत इच्छाशक्ति विभाजित हो जाती है। शंका एक विपरीत बल लगाती है जो संकल्प को निरस्त कर देता है।
श्रद्धा इच्छाशक्ति को सक्रिय बनाए रखती है और व्यक्ति को संकल्प के उद्देश्य को पूरा करने की ज़िम्मेदारी से मुक्त रखती है। संकल्प एक विनम्र सुझाव के रूप में बनता है कि अमुक काम हो जाए और उसे ईश्वरीय इच्छा को समर्पित कर दिया जाता है। आंतरिक कार्य व्यक्ति द्वारा किया जाता है और परिणाम ईश्वर को समर्पित कर दिया जाता है। परिणाम क्या होगा इसका निर्णय या इसे प्राप्त करना संकल्प लेने वाले व्यक्ति का नहीं होता।
भगवद्गीता इसे स्पष्ट रूप से अभिव्यक्त करती है, “तुम्हारा अधिकार कर्म करने पर है लेकिन उसके फल पर कभी नहीं।”2 संकल्प में हमारा अधिकार आंतरिक कार्य पर ही है - संकल्प करना और उसे ईश्वर के सामने प्रस्तुत कर देना। उस संकल्प का परिणाम या फल ईश्वर को समर्पित कर दिया जाता है। उसका संबंध ईश्वरीय इच्छा से है।
जब परिणाम में आसक्ति नहीं रहती तब संकल्प का स्वरूप बदल जाता है। व्यक्ति यह तय नहीं करता कि संकल्प किस प्रकार, कब, किस रूप में या किस सीमा तक पूरा होगा। संकल्प स्वयं इच्छित दशा का संकेत देता है और ईश्वरीय इच्छा को कार्य करने का अवसर देता है ताकि वह उसे सही ढंग से पूरा कर सके। चूँकि परिणाम को पहले ही समर्पित किया जा चुका है, संकल्प स्वाभाविक रूप से माँग के बदले सुझाव का स्वरूप ले लेता है।
संकल्प कैसे लें
संकल्प अपने या किसी अन्य के आंतरिक विकास के लिए लिया जा सकता है। इसे लेने का सिद्धांत वही है - उदाहरणार्थ, हम एक सरल सुझाव ले सकते हैं, “इस व्यक्ति के हृदय में प्रेम विकसित हो।” शब्द सुझाव को आकार देते हैं और हृदय इसे प्रार्थनापूर्ण ढंग से ईश्वर को अर्पित कर देता है।
ईश्वर को संकल्प अर्पित करने के बाद हमें हृदय के प्रत्युत्तर के प्रति संवेदनशील बने रहना चाहिए। कई बार हो सकता है कि हम जो संकल्प लेते हैं, वह सही न लगे या हृदय किसी अन्य सुझाव की ओर खिंच जाए। ऐसी स्थिति में हमें हृदय के निर्देश का अनुसरण करना चाहिए। पहला संकल्प शायद हमारे सीमित दृष्टिकोण को दर्शाता था, जबकि हृदय ऊपर से संकेत प्राप्त करता है कि कार्य को किसी अन्य दिशा में आगे बढ़ना चाहिए। संकल्प को समर्पित करने का अर्थ ऐसे सुधार को स्वीकार करना भी है। ऐसे में अपने संकल्प को बदलना और उसे ईश्वर को पुन: अर्पित करना बिलकुल सही है।
एक बार हम संकल्प ले लेते हैं, तो हम उस पर अपना ध्यान बनाए रखते हैं। ‘सत्य का उदय’ में बाबूजी ने इस मुख्य सिद्धांत को दुखों और कष्टों के उदाहरण से स्पष्ट किया है। जितना अधिक हम इन पर ध्यान देते हैं उतना अधिक वे हमारे विचारों के प्रभाव से प्रबल हो जाते हैं। यदि हम उन्हें ध्यान देना बंद कर दें तो “वे बिना पानी के पौधों की तरह मुरझाने लगेंगे।”3
संकल्प एक विनम्र सुझाव के रूप में बनता है कि
अमुक काम हो जाए और उसे ईश्वरीय इच्छा को
समर्पित कर दिया जाता है। आंतरिक कार्य व्यक्ति
द्वारा किया जाता है और परिणाम ईश्वर को
समर्पित कर दिया जाता है।
यह उदाहरण दुखों के बारे में है लेकिन इसमें निहित सिद्धांत व्यापक है - जिस पर भी हमारा ध्यान जाता है, उसका प्रभाव तीव्र हो जाता है। उपरोक्त उदाहरण में हम अपना ध्यान व्यक्ति में प्रेम की कमी पर केंद्रित नहीं करते और न ही इस प्रश्न पर कि यह संकल्प सिद्ध होगा या नहीं। इसके बजाय हम स्वयं संकल्प पर केंद्रित रहते हैं कि प्रेम उस व्यक्ति के हृदय में विकसित हो रहा है। हमारा सकारात्मक ध्यान इच्छित प्रभाव को पोषित करता है। और चूँकि सुझाव प्रार्थनापूर्ण भाव से दिया गया है, इसलिए यह केवल व्यक्तिगत मानसिक शक्ति से संचालित नहीं होता बल्कि दिव्य धारा इसे अपनी रचनात्मक शक्ति से आवेशित करती है जो उस सुझाव को वास्तविकता में बदलने की दिशा में ले जाती है।
लेकिन अपना ध्यान संकल्प पर टिकाने का क्या मतलब है? इसका मतलब है धैर्यपूर्वक इच्छित प्रभाव के प्रकट होने की प्रतीक्षा करना। संकल्प लेकर हमने दिव्यता का दरवाज़ा खटखटा दिया। अब हम उसके प्रत्युत्तर की प्रतीक्षा करते हैं। हम संकल्प के उन शब्दों को मंत्र की तरह दोहराते हुए दिव्यता के दरवाज़े पर दस्तक नहीं देते रहते और ज़बरदस्ती कोई कल्पना नहीं करते या मानसिक रूप से यह जाँचते नहीं रहते कि प्रगति हो रही है या नहीं। धैर्यपूर्वक प्रतीक्षा करने का मतलब है कि जब तक इच्छित प्रभाव दिखाई न देने लगे तब तक ग्रहणशील बने रहना। हो सकता है शुरू में कुछ भी महसूस न हो। फिर भी हम हृदय को खुला और ग्रहणशील बनाए रखते हैं। हम बस प्रतीक्षा करते हैं।

हम विचार और संकल्प को अपने भीतर एक सुझाव के रूप में लेते हैं,
उसे प्रार्थनापूर्ण हृदय से संजोते हैं और उसके फलित
होने को ईश्वरीय इच्छा पर छोड़ देते हैं।
यदि हमारा ध्यान भटक जाता है तो हम बार-बार वही संकल्प नहीं दोहराते। यह संकल्प सक्रिय बना रहता है। हम बस अनुभूति के स्तर पर हृदय से उसके साथ पुनः जुड़ाव बना लेते हैं और धैर्यपूर्वक प्रतीक्षा करते हैं। धीरे-धीरे इच्छित प्रभाव दिखने लगता है और हम उस प्रभाव को महसूस करने लगते हैं।
संकल्प को अब व्यवहारिक अर्थ में समझा जा सकता है - हम विचार और संकल्प को अपने भीतर एक सुझाव के रूप में लेते हैं, उसे प्रार्थनापूर्ण हृदय से संजोते हैं और उसके फलित होने को ईश्वरीय इच्छा पर छोड़ देते हैं। यह इस कार्य को प्रारंभ करने के लिए पर्याप्त है।
फिर भी एक गहन प्रश्न बाकी रहता है - ऐसा क्यों है कि किसी संकल्प में कम बल रहता है जबकि अन्य संकल्प में असामान्य शक्ति होती है? इसका उत्तर संकल्प की सूक्ष्मता और उसे धारण करने वाले के आंतरिक विकास पर निर्भर करता है। यही अगले लेख का विषय होगा। अभी के लिए हम संकल्प को आध्यात्मिक परिवर्तन शुरू करने के लिए आवश्यक आंतरिक साधन के रूप में समझ सकते हैं- प्रार्थनापूर्वक प्रस्तुत सुझाव जिसमें विचार, इरादा और इच्छाशक्ति ईश्वरीय इच्छा के साथ जुड़कर एक एकीकृत प्रवाह बन जाते हैं।
हार्टफुलनेस संस्था
हार्टफुलनेस संस्था एक वैश्विक लाभनिरपेक्ष संस्था है जो हृदय आधारित ध्यान सिखाती है। यह आंतरिक स्वास्थ्य और सामूहिक समरसता के लिए एक योगिक अभ्यास है।
https://heartfulness.org/global/
1 श्री रामचंद्रजी, जिनका ज़िक्र और चर्चा श्री पार्थसारथी राजगोपालाचारी की किताब ‘अ प्रीसेप्टर्स गाइड’ (चेन्नई - श्री रामचंद्र मिशन, 2003), 292 में की गई है।
2 भगवद्गीता 2.47; लेखकों का अनुवाद, जो ग्राहम श्वेग और विन्थ्रोप सार्जेंट की जानकारी पर आधारित है।
3 श्री रामचंद्रजी, ‘सत्य का उदय', ‘रामचंद्र की संपूर्ण कृतियाँ', खंड 1
(चेन्नई - श्री रामचंद्र मिशन, 2009), 36

एन.एस. नागराज
एन.एस. नागराज सेंसेई टेक्नोलॉजीज़ के संस्थापक और मुख्य कार्यकारी अधिकारी हैं। वे 20 से अधिक वर्षों से हार्टफुलनेस ध्यान का अभ्यास कर रहे हैं और आध्यात्मिकता के विज्ञान, सॉफ़्टवेयर आर्किटेक्चर तथा डिज़ाइन दर्शन... और पढ़ें
