फ़ेबियो कोहलर एक कलाकार और संगीतकार हैं।
पोर्ट्रेट यानी किसी के चेहरे की तस्वीर बनाना एक चुनौतीपूर्ण काम है। चेहरे का अनुपात मिलीमीटर तक सटीक होना चाहिए। अन्यथा, व्यक्ति या तो पहचाना नहीं जाएगा या फिर कुछ न कुछ गलत लगेगा। लेकिन यह केवल दृश्य रूप के बारे में है। अगली चुनौती व्यक्ति की विशिष्टता को पकड़ना है। यह “सोचने से महसूस करने तक” या इस मामले में, “देखने से समझने तक” की प्रक्रिया के समान है।”
एक दिन, मेरी चीनी शिक्षिका ने मुझे अपना एक चित्र बनाने के लिए कहा। हमारा छात्र और शिक्षक का रिश्ता कलात्मक आदान-प्रदान और आपसी सराहना पर आधारित था। अपनी कक्षाओं के दौरान वे चीनी गीत गाती थीं या छात्रों को चीनी पारंपरिक नृत्य दिखाती थीं। मैं उनके फ़्लैमेंको नृत्य प्रदर्शन देखने के लिए कई बार गया। उसी तरह वे भी मेरे संगीत समारोहों में आती थीं जहाँ मैं तालवाद्य (percussion) बजाता था। इस आपसी आदान-प्रदान का प्रभाव निश्चित रूप से बनाए जाने वाले चित्र पर पड़ा।
जब मैंने स्वयं उन्हें चित्र दिया तब मैंने उनसे उसे अपने पति को दिखाने के लिए कहा। जैसे ही उनके पति ने चित्र देखा, वे बोले, “非常好非常好!” (चीनी में इसका अर्थ है “बहुत अच्छा”)। लेकिन मैं जो उनकी आँखों में पढ़ सका, वह था, “मेरा विवाह कितनी शानदार स्त्री से हुआ है।”

इस प्रकरण ने मेरे विश्वास को पुष्ट किया कि चेतन स्तर पर कलाकार का मन औपचारिक सिद्धांतों (आकार, अनुपात, प्रकाश और छाया, बनावट आदि) में व्यस्त रहता है जबकि उसका आंतरिक अस्तित्व चित्रित व्यक्ति के ऊर्जा क्षेत्र तक पहुँचता है।
हार्टफुलनेस गुरुओं या किसी भी आध्यात्मिक व्यक्ति को चित्रित करते समय भी यही प्रक्रिया रही। जब आप उन आत्माओं का मानव रूप बनाते हैं तब आप चित्रित व्यक्ति के स्पंदनीय क्षेत्र को महसूस करने लगते हैं। और वे स्पंदन चित्र के माध्यम से परिलक्षित होते हैं। जब मैंने दाजी को अपना बनाया हुआ यीशु का एक चित्र दिखाया तब उन्होंने कहा, “देखो ये आँखें कितनी करुणामयी हैं!”
यदि आप यीशु के इस चित्र को ध्यान से देखें तो आप महसूस कर सकते हैं कि यह बाबूजी की एक तस्वीर पर आधारित था। बाबूजी की आँखें तिर्यकदृष्टि वाली थीं। वे खुद कहा करते थे कि जब एक आँख बाहर देखती है तो दूसरी हमेशा अंदर देखती है। इसे कला की प्रक्रिया में भी लागू किया जा सकता है। जहाँ कलात्मक प्रक्रिया बाह्य रूप से होती है जिससे अंततः कलाकृतियाँ बनती हैं वहीं ध्यान का अभ्यास भीतर की ओर ले जाता है। दोनों गतिविधियाँ मिलकर एक-दूसरे की पूरक हो सकती हैं। व्यक्तिगत रूप से जब मैं कोई कलाकृति बनाता हूँ तब मैं उसमें गहराई से डूबा हुआ महसूस करता हूँ। साथ ही, ध्यान का अभ्यास ही मुझे कलात्मक अभिव्यक्ति के सूक्ष्म और गहरे स्तर तक पहुँचने में मदद करता है। यह भौतिक पंख और आध्यात्मिक पंख की तरह है; कलात्मक और आध्यात्मिक पंख मिलकर रचनात्मकता के पक्षी को ऊँचा उड़ने में मदद करते हैं।

जहाँ कलात्मक प्रक्रिया बाह्य रूप से होती है जिससे अंततः कलाकृतियाँ बनती हैं वहीं ध्यान का अभ्यास भीतर की ओर ले जाता है। दोनों गतिविधियाँ मिलकर एक-दूसरे की पूरक हो सकती हैं।
मेरे लिए, आध्यात्मिक अनुभव एक कलाकार होने का सबसे बड़ा इनाम है।






अन्य कलाकृतियाँ देखने या बनवाने के लिए यहाँ जाएँ - www.fabiokohler.com

फ़ेबियो कोहलर
फ़ेबियो एक कलाकार और संगीतकार हैं। वे ब्राज़ील के रियो डी जेनेरियो में पले-बढ़े और उन्होंने ... और पढ़ें
