पेड़ों की उपचारक शक्ति
दाजी
दाजी पेड़ों की उपचारक शक्ति का अपना एक ऐसा अनुभव बता रहे हैं जब पेड़ों से संबंधित एक छोटे से अभ्यास से
उनके स्वास्थ्य में सुधार आया। वे हम सभी को इस अभ्यास को आज़माने के लिए आमंत्रित करते हैं।
प्रिय मित्रों,
20 वीं सदी के आरंभिक वर्षों में महान संत, फ़तेहगढ़ के रामचंद्र जी (लालाजी) रावती के आदिवासी क्षेत्र के एक गाँव
में गए जो वर्तमान में भारत के मध्य-प्रदेश में स्थित है। वे उस जगह से अत्यधिक प्रभावित हुए। उससे उन्हें
काकभुशुंडि के प्राचीन आश्रम की याद आ गई। उस आश्रम में जो भी जाता था, उसे वहाँ मुक्ति के भाव का अनुभव
होता था।
लालाजी को उस गाँव के लोगों की मासूमियत और वहाँ का प्राकृतिक सौंदर्य बहुत अच्छा लगा। वे वहीं रहकर
काकभुशुंडि के आश्रम जैसे एक आश्रम का निर्माण करने का अपना सपना पूरा करना चाहते थे। उन्होंने लिखा, “ऐसी
जगहों में भावनाओं व प्राणाहुति को अवशोषित करने की क्षमता लोगों की तुलना में अधिक होती है और वे उसे लंबे
समय तक कायम रख सकते हैं। इसके परिणामस्वरूप, जो भी वहाँ जाता है, वहाँ से प्रभावित ज़रूर होता है। यही
कारण है कि यह स्थान आज भी वृंदावन की तरह लगता है। पारंपरिक दृष्टिकोण से भी देखें तो अन्य स्थानों की तुलना
में वहाँ व्यक्ति बेहतर साधना कर सकता है।”
वर्ष 2007 में मैं इस गाँव को ढूँढने निकला जिसे आजकल राओती कहते हैं। रेलवे स्टेशन पहुँचने पर मैंने देखा कि
सैकड़ों हेक्टेयर तक वहाँ मुश्किल से ही कोई पेड़ दिखाई देता था। उन सबको काट दिया गया था। गाँव पहुँचने पर
मैंने देखा कि नदी लगभग सूख चुकी थी। फिर भी उसके किनारे पर कुछ सुंदर पेड़ थे जिनमें एक विशाल बरगद का
पेड़ भी था जिसकी छतरी बहुत बड़ी थी। शायद लालाजी इसी जगह पर आए थे। मैं वहाँ बैठा और मुझे अत्यधिक
लाभ महसूस हुआ।
पेड़ इतने विशेष क्यों हैं? सबसे पहले तो वे अपने अंदर आध्यात्मिक ऊर्जा (चार्ज) को मनुष्यों की तुलना में अधिक
समय तक धारण करके रख सकते हैं क्योंकि उनकी चेतना अलग तरह की होती है। हमारी चेतना गतिशील होती है
जिसके कारण हममें इच्छानुसार विकसित होने का सामर्थ्य होता है लेकिन इसी वजह से हम विपरीत दिशा में भी जा
सकते हैं।