इचक अडीज़ेस इस बात पर अपने विचार प्रस्तुत करते हैं कि परिवर्तन कैसे उन चीज़ों को कमज़ोर कर देता है जो हमारे लिए हमेशा उपलब्ध तो होती हैं लेकिन हम उन्हें उचित महत्व नहीं देते। साथ ही वे इस पर भी चर्चा करते हैं कि प्रेम, स्वास्थ्य व सफलता को बनाए रखने के लिए क्या आवश्यक होता है।
यदि आप शादी, व्यापार या ज़िंदगी में असफल होना चाहते हैं तो चीज़ों को हल्के में लें। अपने जीवनसाथी, बच्चों, काम, सफलता, स्वास्थ्य और प्रेम को महत्व नहीं दें। थोड़ा इंतज़ार करें, आप असफल हो जाएँगे।
आखिर क्या होता है जब हम, मान लीजिए अपने स्वास्थ्य को हल्के में लेते हैं और अपनी देखभाल करना बंद कर देते हैं?
अब इसी नुस्खे को शादी पर भी लागू करके देखें। जब हम प्रेम-प्रसंग में थे तब हमने उस व्यक्ति का प्रेम पाने के लिए बहुत मेहनत की जिसे हम पाना चाहते थे। तब हमने प्रेम को उचित महत्व दिया। लेकिन जब हममें से कुछ की शादी हो गई और हमें अपना वाँछित प्रेम मिल गया तब हमने उस प्रेम को हल्के में लेना शुरू कर दिया। हमें लगा कि प्रेम स्वाभाविक रूप से हमेशा उसी तरह बना रहेगा। और सोचिए कि क्या हुआ?
तो हम चीज़ों की कद्र क्यों नहीं करते?
हम मान लेते हैं कि सब कुछ हमेशा वैसा ही रहेगा। हमारे ऐसा मानने की एक वजह है। सफलता पाने के लिए खुद को ढालने और प्रयास करने में ऊर्जा लगती है और यह निराशाजनक भी हो सकता है। लेकिन कुछ न करने में बिलकुल भी ऊर्जा नहीं लगती और हम सभी लोग ऊर्जा को बचाकर रखना चाहते हैं — यह भौतिक विज्ञान का बुनियादी सिद्धांत है।
हालाँकि, जो हमारी ‘सफलता’ को कमज़ोर करता है, वह है - परिवर्तन। परिस्थितियाँ बदलती हैं। जो बात अतीत में सच थी वह वर्तमान में हमेशा सच नहीं होती - और मान लें, यदि ऐसा हो भी जाए तब भी हो सकता है कि भविष्य में वैसी न रहे।
कुछ भी हल्के में न लें - लोकतंत्र, प्रेम, सेहत, अपना व्यवसाय। सब कुछ बदल जाता है। सतर्क रहें और जो मूल्यवान है उसे संभालकर रखें। अपनी कार, घर, सेहत, व्यवसाय और वैवाहिक जीवन का ध्यान रखें। जैसा कि मेरे एक क्लाइंट ने कहा था, “पूरे वैवाहिक जीवन के लिए एक हनीमून काफ़ी नहीं होता।”
यदि हम सोचते हैं कि एक लक्ष्य हासिल कर लेने का मतलब है कि हमारा काम हो गया और अपनी सफलता की कद्र नहीं करते तो समझो हम अपने भविष्य की असफलता का नुस्खा खुद लिख रहे हैं।
कुछ भी हल्के में न लें - लोकतंत्र, प्रेम, सेहत, अपना व्यवसाय। सब कुछ बदल जाता है।
सतर्क रहें और जो मूल्यवान है उसे संभालकर रखें।

