‌
‌
‌
‌
‌
‌

एक योग शिक्षिका बताती हैं कि आसन का अभ्यास तब और गहरा हो जाता है जब आगे बढ़ने की चाह की जगह साँस के प्रति जागरूकता, शारीरिक उपस्थिति, स्थिरता, सहजता और सचेत जीवन की ओर ध्यान दिया जाता है।

विद्या एस. विजयन द्वारा प्रस्तुत लेख

जब मैंने पहली बार आसनों का अभ्यास शुरू किया तब मेरा शरीर आसानी से हिलता-डुलता था। लचीलापन मेरे लिए कभी कोई चुनौती नहीं रहा। ज़्यादातर आसन स्वाभाविक रूप से हो जाते थे और उन्हें आज़माने में मुझे बहुत खुशी मिलती थी। मैं उत्सुकता के साथ एक आसन से दूसरे आसन की ओर बढ़ती थी - कोशिश करती थी, सीखती थी और गहराई में जाती थी। यह जानने में रोमांच था कि शरीर क्या-क्या कर सकता है और समय के साथ इसने मुझे स्वाभाविक रूप से ज़्यादा मुश्किल आसनों 

को करने के लिए प्रेरित किया।

यह विकास या उन्नति जैसा लगता था और कई मायनों में यह था भी। फिर भी, बिना एहसास हुए मेरा अभ्यास धीरे-धीरे सिर्फ़ ‘करने’ पर केंद्रित हो गया - और ज़्यादा करना, और गहराई में जाना, अगले आसन तक पहुँचना।

मेरे शरीर में कोई रुकावट नहीं थी। कोई ऐसी बेचैनी नहीं थी जो मुझे धीमा होने पर मजबूर करती। सब कुछ बिलकुल सहज लग रहा था। शायद इसीलिए मैंने इस बात पर ध्यान नहीं दिया कि मेरे अभ्यास में किस चीज़ की कमी थी। मैं आसन तो कर रही थी, लेकिन उन्हें पूरी तरह से महसूस नहीं कर रही थी या उनमें पूरी तरह से मौजूद नहीं थी।

उस समय मुझे पता था कि आसन कैसे धारण करना है, उसे कैसे बनाए रखना है और उससे कैसे बाहर निकलना है। लेकिन मैंने तब तक यह नहीं सीखा था कि जागरूकता, संवेदनशीलता और श्वास के साथ आसन में कैसे जिया जाए। मेरा ध्यान अक्सर इस बात पर होता था कि मैं आगे क्या करने जा रही थी, न कि इस बात पर कि उस मौजूदा पल में क्या घटित हो रहा था।

पीछे मुड़कर देखने पर मुझे एहसास होता है कि यह प्रवृत्ति सिर्फ़ योग तक ही सीमित नहीं थी। और न ही मैं इसमें अकेली थी। हममें से बहुत से लोग एक काम से दूसरे काम और एक उपलब्धि से दूसरी उपलब्धि की ओर बढ़ते हुए लगातार प्रगति तो करते हैं, लेकिन शायद ही कभी वर्तमान पल में पूरी तरह जीते हैं। हम आगे बढ़ने पर इतना ध्यान देने लगते हैं कि वर्तमान पल से हमारा संपर्क टूट जाता है।

मेरी यात्रा में बदलाव तब आया जब मेरे गुरु ने मुझे कृष्णमाचार्य परंपरा से परिचित कराया। सच कहूँ तो यह बदलाव आसान नहीं था। कुछ समय के लिए मुझे ऐसा लगा जैसे मैंने कुछ खो दिया हो। जिस भरोसे के साथ मैं अपना अभ्यास पहले करती थी और अपना शिक्षण प्राप्त करती थी, वह अब डगमगा गया था। मैंने पहले कभी आत्मविश्वास की ऐसी कमी महसूस नहीं की थी।

यह नया तरीका मुझसे उन बातों को भूलने के लिए कह रहा था जिनके बारे में मैं सोचती थी कि मुझे पूरी तरह पता था। ये कोई सतही बातें नहीं थीं, बल्कि गहरी मान्यताएँ और नज़रिए थे जिन्हें मैं सालों से अपनाए हुए थी।

और अधिक जानकारी हासिल करना आसान है; लेकिन किसी बात को अलग नज़रिए से देखना एक चुनौती है!

मैं लंबे समय तक उस अनिश्चितता की स्थिति में रही। लेकिन धीरे-धीरे उसका विरोध करने के बजाय मैंने उसे स्वीकार करना शुरू कर दिया। मैं फिर से एक विद्यार्थी बन गई। तभी उस अभ्यास की गहराई मेरे सामने उजागर होने लगी।

 


हममें से बहुत से लोग एक काम से दूसरे काम और एक उपलब्धि
से दूसरी उपलब्धि की ओर बढ़ते हुए लगातार प्रगति तो करते हैं,
लेकिन शायद ही कभी वर्तमान पल में पूरी तरह जीते हैं।


 

मुझे यह समझ आने लगा कि श्वास के साथ आसन करने का सच में क्या मतलब है - यह कोई अलग तकनीक नहीं, बल्कि खुद उस क्रिया का ही एक अटूट हिस्सा है। मुझे तैयारी का महत्व समझ आने लगा - किसी भी आसन में जाने से पहले हमें न सिर्फ़ शरीर को, बल्कि मन को भी तैयार करना चाहिए। मैंने विराम लेने की अहमियत को समझा - गतिविधियों के बीच के वे शांत पल जहाँ देखने-समझने की गहराई बढ़ती है और जागरूकता अधिक स्पष्ट हो जाती है।

 

how-present-can-i-be2.webp

 

अनुक्रमण यानी आसनों को एक सही क्रम में करने के बारे में मेरी समझ भी बदलने लगी। मैंने सीखा कि कैसे एक आसन शरीर को अगले आसन के लिए तैयार करता है, कैसे विपरीत आसन शरीर में संतुलन को बहाल करता है और कैसे सोच-समझकर आगे बढ़ने से स्थिरता आती है और तनाव से बचा जाता है।

ये सिर्फ़ तकनीकी बातें नहीं थीं; बल्कि ये अभ्यास में निहित एक गहरी समझ को दर्शाती थीं, जो न सिर्फ़ शरीर को बल्कि मन और आंतरिक अवस्था को भी आधार देती थीं।

जैसे ही मैं इस तरीके का असली मतलब समझने लगी, मुझे ऐसा नहीं लगा कि मुझे, पहले जो सीखा था और अब जो सीख रही हूँ के बीच, चुनाव करना है। एकीकरण स्वाभाविक रूप से हो गया। मैंने पहले जो सीखा था, उसका महत्व कम नहीं हुआ। बल्कि, मेरा लचीलापन, आसन की समझ और शरीर की हरकतों का अनुभव – ये सब मेरी नई समझ से और बेहतर हो गए।

धीरे-धीरे पतंजलि के शब्द, ‘स्थिर सुखम् आसनम्’ (आसन स्थिर और आरामदायक होना चाहिए), मुझे एक नए तरीके से समझ में आने लगे।

सालों तक मैंने इस सूत्र को इसके सबसे सरल अर्थ में समझा - एक आसन स्थिर और आरामदायक होना चाहिए। लेकिन अपनी नई समझ से मुझे लगने लगा कि पतंजलि शारीरिक मुद्रा से कहीं ज़्यादा गहरी बात की ओर इशारा कर रहे थे।

हम अक्सर बिना किसी स्थिरता या आराम के जीवन जीते हैं, हमेशा जल्दी में रहते हैं, आने वाले अगले पल को पकड़ने की कोशिश करते हैं और आराम के पलों में भी तनाव लिए रहते हैं।

मुझे समझ आने लगा कि स्थिरता का मतलब सिर्फ़ शरीर को स्थिर रखना नहीं है। यह अपने अंदर मौजूद रहने की क्षमता है। मुझे समझ आया कि आराम का मतलब सिर्फ़ शारीरिक सुविधा नहीं है, बल्कि यह जुड़ाव का वह एहसास है जो तब होता है जब श्वास, ध्यान और जागरूकता एक लय में होते हैं।

 


जागरूकता हर चीज़ का स्वरूप बदल देती है।
कोई मुश्किल आसन बाहर से देखने में भले ही
बहुत बढ़िया लगे, लेकिन बिना ध्यान दिए उसे
करना सतही ही रहता है। वहीं दूसरी ओर,
सबसे आसान हरकत भी पूरी जागरूकता के
साथ करने पर अत्यधिक परिवर्तनकारी हो सकती है।


 

धीरे-धीरे मुझे यह संतुलन तब भी महसूस होने लगा जब मैं योगाभ्यास नहीं कर रही होती थी। मैंने इसे अपने बोलने के तरीके, सुनने के तरीके, अनिश्चितता का सामना करने के तरीके और यहाँ तक कि खामोश रहने के तरीके में भी पाया।

स्थिरता और सहजता के साथ ज़िंदगी जीना अपने आप में एक अभ्यास है। शायद यही वह बात है जो आसन का अभ्यास मुझे शुरू से सिखाने की कोशिश कर रहा था।

जागरूकता हर चीज़ का स्वरूप बदल देती है। कोई मुश्किल आसन बाहर से देखने में भले ही बहुत बढ़िया लगे, लेकिन बिना ध्यान दिए उसे करना सतही ही रहता है। वहीं दूसरी ओर, सबसे आसान हरकत भी पूरी जागरूकता के साथ करने पर अत्यधिक परिवर्तनकारी हो सकती है।

यह समझ योग से कहीं आगे तक जाती है। जीवन के कई क्षेत्रों में हमें प्रगति, कामयाबी, रफ़्तार और बाहरी विकास को अहमियत देना सिखाया जाता है। हमें शायद ही कभी विराम लेना, गौर करना और अपने अंदर जो घटित हो रहा है, उसे पूरी तरह महसूस करना सिखाया जाता है। फिर भी, उस जागरूकता के बिना कामयाबी भी खालीपन का एहसास करा सकती है।

आज, चाहे मैं कोई आसान आसन करूँ या मुश्किल, सवाल यह नहीं होता कि “मैं कितनी दूर जा सकती हूँ?” बल्कि सवाल यह होता है कि, “मैं यहाँ किस हद तक पूरी तरह से मौजूद रह सकती हूँ?”

यह सवाल अभ्यास और ज़िंदगी के साथ मेरे संबंध को लगातार बदल रहा है। इससे पता चलता है कि अभ्यास का असली मकसद शायद महारत हासिल करना नहीं है। शायद इसका मकसद यह सीखना है कि अपने अनुभव में - यहाँ तक कि अपनी नाकामियों में भी - पूरी तरह से कैसे मौजूद रहा जाए।

आसन का अभ्यास ही वह जगह है जहाँ से मैंने यह सीखना शुरू किया और हर बार जब मैं योगासन करने लगती हूँ तब एक-एक श्वास के साथ मैं इसे और सीखती हूँ।

 


हार्टफुलनेस योग अकादमी से

हार्टफुलनेस योग अकादमी मान्यता प्राप्त, परंपरा‑आधारित कार्यक्रम प्रदान करती है। ये कार्यक्रम आसन, प्राणायाम और हार्टफुलनेस ध्यान को प्राणाहुति के साथ एकीकृत करते हैं, ताकि योग के प्रति एक समग्र दृष्टिकोण विकसित हो सके।
yogaacademy.heartfulness.org

1 पतंजलि, योगसूत्र 2.46 — अनुवाद लेखक द्वारा परिवर्तित

 


Comments

विद्या एस. विजयन

विद्या एस. विजयन

विद्या एस. विजयन हार्टफुलनेस योग अकादमी में वरिष्ठ योग शिक्षिका हैं। उनका शिक्षण कृष्णमाचार्य परंपरा में हुआ जो श्वास, जागरूकता और ऐसे अभ्यास पर ज़ोर देती है जो हर व्यक्ति के अनुरूप हो। वे आवासीय योग शिविर, प्रशिक्षण एवं स्वास्थ्य कार्यक... और पढ़ें

उत्तर छोड़ दें