लेज़्ली ब्लेयर ने मृत्यु को एक दुखद अंत के रूप में देखने से लेकर किसी प्रियजन के साथ संबंध और आत्मा की आगे की यात्रा व उसकी अहमियत को समझा है। वे उसी यात्रा के बारे में हमें बता रही हैं।
अपनी माँ के निधन के बाद लंबे समय तक मैं उनको खोने से जुड़ी दुखद भावनाओं से जूझती रही। मैंने अपने आध्यात्मिक गुरु, चारीजी, को इसके बारे में लिखा। उनके उत्तर ने मुझे आगे बढ़ने का जो मार्ग दिखाया उसने मुझे एक अंधेरी गली से निकलने में मदद की। उनके पत्र के एक अंश में लिखा था - “अब आपको उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करनी चाहिए। आपकी ओर से यही उनकी सच्ची सेवा होगी।”
मैं इस बात से अचंभित थी कि क्या वास्तव में मैं किसी ऐसे प्रियजन की सेवा कर सकती हूँ जो अब इस धरती पर जीवित नहीं है। मुझे पता ही नहीं था कि आत्मा की शांति के लिए कैसे प्रार्थना करनी है। लेकिन चारीजी ने मुझे एक कार्य दिया जो चुनौतीपूर्ण होने के साथ-साथ भरोसा देनेवाला भी था और कुछ ऐसा उपयोगी और सकारात्मक था जिस पर मैं केंद्रित हो सकती थी और अपने दैनिक ध्यान के अभ्यास में शामिल कर सकती थी। यह एक तरह से प्रार्थनामयी यात्रा की शुरुआत थी जो समय के साथ अन्य प्रियजनों की याद को शामिल करती चली गई।
इस यात्रा में समय के साथ शोक और घबराहट की मेरी भावनाएँ एक गीत का रूप लेने लगीं। सही शब्दों की खोज एक अनंत प्रक्रिया लग रही थी जो पूरी ही नहीं हो रही थी। लेकिन इससे धीरे-धीरे मैं आश्वस्त होती जा रही थी कि प्रेम मृत्यु से भी अधिक शक्तिशाली है और जो लोग चले गए हैं उनके साथ हमारा संबंध गहरा होता जाता है – बेशक यह एक अलग तरीके से और शायद एक अलग ही आयाम में होता है, ऐसा आयाम जो बाहें फैलाए हमारा इंतज़ार करता है।
यद्यपि यह गीत मैंने स्वयं के लिए लिखा था लेकिन मैं हमेशा चाहती थी कि यह दूसरों के लिए भी सच हो। ईश्वर करे कि यह आपके अपने सुख, जुड़ाव और उपचार के गीतों के साथ भी अनुनादित हो।

हम जहाँ भी हों
मैं तुम तक पहुँचने की कोशिश करूँगी, तुम्हें याद करूँगी,
मैं जानती हूँ हर तरफ़ मुझे तुम्हारा एहसास होगा।
मैं जो भी करती हूँ, उसमें तुम्हारा अंश है,
पर वह मुस्कान जिसे मैं जानती थी, मेरा इंतज़ार नहीं करती है।
कहते हैं कि एक राह है जो तुम तक जाती है।
वह नक्शे पर नहीं है लेकिन बहुत दूर भी नहीं हो सकती है।
गर तुम चले गए हो तो कोई राह भी वहाँ तक जाती होगी, जहाँ तुम हो।
एक छिपी हुई दुनिया जिसे देखना या छूना मुश्किल है,
एक नया जीवन तुम्हें पुकार रहा है।
मेरी दुआ है कि तुम वहाँ हिफ़ाज़त से रहो,
जब तक तुम्हारी रूह अपने ठिकाने लौट नहीं जाती है।
कहते हैं कि जहाँ तुम हो, एक रहबर है वहाँ,
तुम्हें राह दिखाने के लिए, तुम्हारे अपने चमकते सितारे की तरह।
एक सच्चा दोस्त भी ज़रूर होगा वहाँ, जहाँ तुम हो।
हम ढूँढते हैं एक सहारे को, कोमल और दृढ़,
जो हमें आराम दे और सुधारे भी और साथ ले चले उस राह पर,
जिस पर वह खुद चल चुका हो, अंधेरे को पार करते हुए,
जहाँ दिल में उमड़ते तूफ़ान ही मुक्तिदायक प्रकाश की ओर रास्ता बनाते हैं।
एकाएक जब बौछार धरती और गगन को नहला देती है,
और एक उजली दुनिया उभर उठती है,
तब स्वर्ग भी धरती पर उतर आता है, चारों ओर फैल जाता है,
और मैं जानती हूँ कि इसका वादा सच्चा है -
प्रेम ही वहाँ की राह है, जहाँ तुम हो -
वह इंद्रधनुष की तरह, जो सुदूर आकाश में
हलकी सी हवा में से प्रकट होता है, हमें आपस में जोड़ देता है
चाहे जहाँ भी हम हों।
रोशनी की बौछार, आँसुओं का इंद्रधनुष,
रात में चमकेंगे हमारे दिलों का डर मिटाने को।
हमारा परस्पर प्रेम हमें करीब ले आता है,
चाहे जहाँ भी हम हों।
हमारा प्रेम एक प्रार्थना है जो हमें आशीष देती है,
चाहे जहाँ भी हम हों।

लेज़्ली ब्लेयर
लेज़्ली अमेरिका में रहने वाली हार्टफुलनेस की अभ्यासी और प्रशिक्षक हैं। एक सेवानिवृत्त संपादक के रूप में वे जानती हैं क... और पढ़ें
