श्रवण बांदा हमें शांतिपूर्ण विश्व में पानी का महत्व याद दिलाते हैं। वे मुख्यतः आर्द्रभूमियों (wetlands) की बात करते हैं जिन्हें अक्सर धरती के गुर्दे कहा जाता है और वे हमसे विश्व जल दिवस पर किए जाने वाले कार्यों को वर्ष भर जारी रखने के लिए आग्रह कर रहे हैं।
22मार्च को विश्व जल दिवस था और इस वर्ष का विषय था “शांति के लिए जल।” इसके तहत जीवन बनाए रखने के लिए और लोगों तथा प्रकृति के बीच सामंजस्य बढ़ाने में पानी की महत्वपूर्ण भूमिका पर ज़ोर दिया गया। जैसे-जैसे हम जल, आर्द्रभूमि और बायोफ़िलिया (प्रकृति के प्रति हमारी सहज आत्मीयता) की गहराई में जाने की कोशिश करते हैं तो जल्दी ही हम पाते हैं कि ये तत्व हमें दुनिया को अधिक शांतिपूर्ण बनाने के लिए मार्गदर्शित कर सकते हैं।
कल्पना कीजिए कि धरती आर्द्रभूमि के जीवनदायी जल को पालने में झुला रही है। आर्द्रभूमियों को प्रायः पृथ्वी के गुर्दे कहा जाता है। ये अनोखे पारिस्थितिकी तंत्र न केवल जल की सफ़ाई व संचय करते हैं बल्कि विविध प्रकार के प्राणियों के लिए शांतिपूर्ण आश्रय भी हैं। अब समय आ गया है कि जल को सुरक्षित बनाए रखने में उनकी भूमिका और अनगिनत प्रजातियों के पालन-पोषण में उनके योगदान के लिए हम उनका आभार मानें। दलदली घासों के सुरक्षात्मक आश्रय से लेकर उथले पानी के शरण-स्थल तक ये जलाशय अनेक प्रकार के पौधों व पशुओं को भोजन, आश्रय और प्रजनन-स्थल उपलब्ध कराते हैं तथा जैव विविधता और पारिस्थितिकी संतुलन बढ़ाते हैं।

इन हरित फेफड़ों को बचाए रखना और सुरक्षित रखना हमारे पर्यावरण में शांति बढ़ाने के लिए आवश्यक है। इन जीवंत निवास स्थलों को पुनः स्थापित करने एवं इन्हें बचाने के लिए आवश्यक कदम उठाकर हम न केवल जल को संरक्षित करते हैं बल्कि एक ऐसी दुनिया बनाते हैं जिससे शांति और संतुलन का प्रवाह होता है।

हमारे शहर प्रकृति के साथ गहन संपर्क के लिए तरसते हैं। शहरी भू-भाग में आद्रभूमियाँ बाढ़ के दौरान दृढ़ संरक्षकों की तरह सामने आती हैं। ये जलवायु परिवर्तन के दौर में हमें अनुकूल बनाने में अमूल्य सहायता प्रदान करती हैं। इसके अलावा ये बहुमुखी पारिस्थितिकी तंत्रों की तरह काम करती हैं और प्राकृतिक छन्नी की भांति काम करती हैं जिससे पानी की गुणवत्ता बढ़ जाती है। ये महत्वपूर्ण आश्रय स्थल कार्बन के हौदे (carbon sink) की तरह भी काम करते हैं जो वातावरण से कार्बन डाई ऑक्साइड को अवशोषित व संचित करते हैं और इस तरह से जलवायु परिवर्तन को कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। अपने पर्यावरण संबंधी कार्यों के अतिरिक्त आद्रभूमियाँ जैव-विविधता के महत्वपूर्ण स्थान और मनोरंजन के स्थान के तौर पर काम करती हैं। ये स्थान हमारे स्वास्थ्य को और प्रकृति के साथ जुड़ाव की भावना को बढ़ाते हैं।
अपने शहरी परिवेश में तालाबों, फव्वारों और छोटी-छोटी जल-धाराओं को शामिल करके मरुस्थल के बीच हरित भूमि की तरह सुखदायी स्थलों का निर्माण किया जा सकता है जो हमारे मन और शरीर को तरो-ताज़ा कर देते हैं। ‘शांति के लिए जल’ का मुद्दा हमें यह मनन करने के लिए प्रेरित करता है कि किस तरह से पानी वैश्विक स्तर पर शांति के साथ जुड़ा हुआ है। साफ़ पानी प्राप्त करना सभी का मौलिक अधिकार है। फिर भी बहुत से समुदायों को यह पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध नहीं है। पानी से जुड़ी समस्याओं को हल करने में सहयोग करके हम पूरे विश्व में स्थिरता और शांति को बढ़ा सकते हैं।
शांति को हासिल करने के लिए हमेशा बड़े-बड़े काम करने की ज़रूरत नहीं होती। हममें से हर एक व्यक्ति पानी का उपयोग सावधानी व सोच समझकर करके, पर्यावरण के हित में किए जाने वाले कार्यों का समर्थन करके और जल तथा आद्रभूमियों के बारे में जागरूकता फैलाकर इसमें सहयोग कर सकता है। ‘विश्व जल दिवस’ प्रकृति के साथ हमारे संबंध को बहाल करने के लिए एक अनुस्मारक है जिसमें यह स्वीकार किया जाता है कि जल के साथ हमारा जुड़ाव हमारी पहचान का एक स्वाभाविक हिस्सा है।
‘विश्व जल दिवस’ 2024 कुछ करने का एक आह्वान था। इसने हमसे पानी की परवाह करने, आद्रभूमियों को बचाने और प्रकृति का पोषण करने के लिए आग्रह किया। इन तत्वों के परस्पर संबंधों को समझ कर हम एक ऐसा भविष्य सुनिश्चित कर सकते हैं जहाँ पानी उन्मुक्त रूप से बहता हो, भरपूर आर्द्रभूमियाँ हों और प्रकृति के प्रति हमारे प्रेम से एक ऐसी दुनिया विकसित हो जहाँ ‘शांति के लिए जल’ सिर्फ़ अवधारणा न होकर जीवंत वास्तविकता बन जाए।
जैसे-जैसे हम इस दिवस की भावना को संजोय रखते हैं और अपने कार्यों के प्रभावों को बाहर तक फैलने देते हैं, हम सकारात्मक बदलाव की लहर पैदा करते हैं। हम एकसाथ एक शांतिपूर्ण विश्व को निरूपित कर सकते हैं जहाँ मानवता और प्रकृति हमेशा के लिए शांति और प्रेम के प्रकाश में सामंजस्यपूर्ण रूप से एकसाथ रहें।


श्रवण बांदा
श्रवण की विशेषज्ञता आर्द्ररभूूमि का निर्मााण और अपशिष्ट जल चुनौतियोंं का समाधान करना है। वे आईजीबीसी द्वारा मान्यता प्राप्त एक ग्रीन बिल्डिंग प्रोफेशनल याानी हरित भवन व्यवसायी और 'सोसाइटी ऑफ वेटलैंंड साइंंटिस्ट्स', यूएसए के सदस्य हैं। उन... और पढ़ें
