डॉ. इचक अडीज़ेस अपनी हाल ही में प्रकाशित पुस्तक, 'द पॉवर ऑफ़ कोलैबोरेटिव लीडरशिप - टेस्टेड प्रैक्टिसेज़ फ़ॉर टुडेज़ वर्ल्ड' का संक्षिप्त विवरण प्रस्तुत करते हैं। इसमें अडीज़ेस पद्धति की प्रमुख संगठनात्मक अवधारणाएँ शामिल हैं, लेकिन उन्हें और परिष्कृत किया गया है और अब ये अवधारणाएँ कार्यवाही में आपसी विश्वास और सम्मान पर आधारित हैं। वे हमें सहयोग और आपसी तालमेल की इस यात्रा में उनके साथ आने के लिए आमंत्रित करते हैं।
प्रिय हार्टफुलनेस पत्रिका के पाठकों,
हमारी तेज़ी से विकसित होती दुनिया में नेतृत्व के सच्चे सार को समझना और उसे अपनी कार्यविधि में शामिल करना पहले कभी इतना महत्वपूर्ण नहीं रहा। मैं बहुत उत्साह के साथ अपने नवीनतम प्रकाशन, ‘द पॉवर ऑफ़ कोलैबोरेटिव लीडरशिप - टेस्टेड प्रैक्टिसेज़ फ़ॉर टुडेज़ वर्ल्ड’ से अंतर्दृष्टि साझा करता हूँ। इस पुस्तक के मूल में यह गहरा विश्वास है कि आज हम जिन बहुमुखी चुनौतियों का सामना कर रहे हैं, उन्हें व्यक्तिगत रूप से नहीं बल्कि कई लोगों के सामूहिक प्रयासों और विवेक से दूर किया जा सकता है।
‘द आइडियल एग्ज़ेक्यूटिव’ (आदर्श कार्यकारी) के आधार पर निर्माण करते हुए यह पुस्तक ऐसी नई अंतर्दृष्टि और कार्यवाही योग्य रणनीतियाँ प्रदान करती है जो आज की परिवर्तनशील संगठनात्मक वास्तविकताओं के अनुकूल हैं। यह नेतृत्व के पारंपरिक, पदानुक्रमित प्रतिरूप को चुनौती देती है और उसके बजाय एक ऐसा प्रतिरूप प्रस्तावित करती है जो सहयोग, आपसी विश्वास व सम्मान और साझा उद्देश्य पर निर्भर करता है।
‘PAEI’ ढाँचा इस पुस्तक का केंद्र है, जो किसी भी संगठन की सफलता और दीर्घायु के लिए महत्वपूर्ण चार अनिवार्य भूमिकाओं को चित्रित करता है – उत्पादन (Producing), प्रशासन (Administering), उद्यमिता (Entrepreneurship) और एकीकरण (Integrating)। सैद्धांतिक अन्वेषण, व्यावहारिक उदाहरणों और वास्तविक दुनिया के अनुप्रयोगों के माध्यम से मैं इन भूमिकाओं के एक-दूसरे पर पड़ने वाले प्रभाव और कभी-कभी इनके बीच के तनाव का बारीकी से विश्लेषण करता हूँ और टीम की प्रभावशीलता और सामंजस्य को बढ़ाने के लिए एक विस्तृत मार्गदर्शन प्रदान करता हूँ।

यह प्रतिरूप एक सैद्धांतिक दृष्टिकोण से कुछ अधिक प्रदान करता है; यह उन नेताओं के लिए एक व्यावहारिक साधन के रूप में कार्य करता है जो अपनी टीम का प्रदर्शन बेहतर करना चाहते हैं। इसमें नेताओं को ऐसा वातावरण विकसित करने के लिए कहा जाता है जहाँ नवप्रवर्तन को बढ़ावा दिया जाता है, उद्देश्यों को कुशलता से पूरा किया जाता है और मज़बूत सामुदायिक भावना सभी को एक-दूसरे से जोड़ कर रखती है।
यह पुस्तक विचारों एवं विशेषज्ञता में विविधता को मान देती है और नेताओं को प्रेरित करती है कि वे अपनी टीमों की विभिन्न प्रकार की प्रतिभाओं और दृष्टिकोणों को अपनाएँ और उनका लाभ उठाएँ। यह एक व्यक्ति द्वारा निर्णय लेने और टीम से दूर रहकर प्रबंधन करने की धारणा का खंडन करती है तथा ऐसी नेतृत्व शैली का समर्थन करती है जिसमें कर्मचारियों को शामिल किया जाता है, सभी के नज़रियों को महत्व दिया जाता है और निर्णय लेने में सभी की प्रतिभागिता होती है।
पुस्तक का एक भाग जटिल समस्याओं को चपलता और रचनात्मकता के साथ हल करने में सक्षम सहक्रियाशील (मिलकर काम करने वाली) टीमों को इकट्ठा करने और उन्हें विकसित करने पर केंद्रित है। इसमें ऐसी टीमें बनाने की युक्तियाँ शामिल हैं जो एक और एक ग्यारह बनाने का काम करती हैं जिसमें प्रत्येक सदस्य के विशिष्ट योगदान को समझने और उसको मान देने के महत्व पर ज़ोर दिया जाता है।
सहयोगी नेतृत्व आपसी विश्वास और सम्मान, जो सफल सहकार्यता के मूलभूत तत्व हैं, पर आश्रित संस्कृति बनाने पर आधारित है। इससे खुलकर बात करने, मिलकर निर्णय लेने और साझा जवाबदेही को बढ़ावा मिलता है जो यह सुनिश्चित करता है कि टीम का प्रत्येक सदस्य उसका उद्देश्य पूरा करने में अपने को महत्वपूर्ण और अभिन्न महसूस करे।
यह पुस्तक नेतृत्व करने के ऐसे तरीके बताती है जो परिस्थिति के अनुकूल, उत्तरदायी और मानवीय हों।
यह हमें अपने नेतृत्व के आदर्शों पर पुनर्विचार करने की चुनौती देती है और हमें अपनी टीमों के सामूहिक ज्ञान, ऊर्जा और जुनून का दोहन करने का सुझाव देती है।

यह पुस्तक नेतृत्व करने के ऐसे तरीके बताती है जो परिस्थिति के अनुकूल, उत्तरदायी और मानवीय हों। यह हमें अपने नेतृत्व के आदर्शों पर पुनर्विचार करने की चुनौती देती है और हमें अपनी टीमों के सामूहिक ज्ञान, ऊर्जा और जुनून का दोहन करने का सुझाव देती है।
‘द पॉवर ऑफ़ कोलैबोरेटिव लीडरशिप’ (सहयोगी नेतृत्व की शक्ति) नेताओं के लिए एक स्पष्ट संदेश है कि वे अपनी टीमों का सर्वश्रेष्ठ सामर्थ्य बाहर लाएँ। यह हमें व्यक्तिगत उपलब्धियों से परे देखने और उन अपार संभावनाओं को पहचानने का साहस देती है जो लक्ष्य को प्राप्त करने के सामूहिक प्रयास से उभरती हैं।
इस पुस्तक को लिखने का मेरा उद्देश्य आज के नेताओं को प्रेरित करना, चुनौती देना और उन्हें समकालीन संगठनात्मक जीवन की पेचीदगियों को समझने के लिए आवश्यक ज्ञान और साधनों से लैस करना था। चाहे आप किसी वैश्विक संस्था का नेतृत्व कर रहे हों, किसी सामुदायिक उपक्रम का नेतृत्व कर रहे हों या अपनी टीम के भीतर बदलाव लाने की कोशिश कर रहे हों, यह पुस्तक एक सुसंगत, प्रगतिशील और प्रभावशाली समूह बनाने के लिए रूपरेखा प्रस्तुत करती है।
सहयोगी नेतृत्व की ओर यह यात्रा एकता में ताकत की खोज के बारे में है। यह इस बात को समझने के बारे में है कि जब हम एक समान उद्देश्य के साथ मिलकर काम करते हैं तब हमारी संयुक्त प्रतिभा और ऊर्जा परिवर्तनकारी बदलाव ला सकती हैं। ‘द पॉवर ऑफ़ कोलैबोरेटिव लीडरशिप’ इस यात्रा में एक मार्गदर्शक के रूप में कार्य करती है। यह ऐसी टीमों के निर्माण के लिए एक मानचित्र प्रदान करती है जो न केवल लाभकारी हैं बल्कि वास्तव में प्रेरणादायक भी हैं।
मैंने दुनिया भर के संगठनों के साथ काम करने के दशकों के अनुभवों, शोध और अवलोकनों से प्रेरणा प्राप्त की है। यह पुस्तक सहयोगी नेतृत्व की चुनौतियों और नुकसानों को समझने के लिए भी है। यह उन कठिनाइयों को स्वीकार करती है जो टीम के सदस्यों की विविध आवश्यकताओं और आकांक्षाओं को संतुलित करने का प्रयास करते समय उत्पन्न हो सकती हैं। यह पुस्तक इन चुनौतियों से निपटने के लिए व्यावहारिक सलाह भी प्रदान करती है और समानुभूति, धैर्य और दृढ़ता के महत्व पर ज़ोर देती है।
पुस्तक के अंतिम खंडों में मैं नेतृत्व के भविष्य और इसे आकार देने में सहकार्यता की भूमिका पर विचार प्रस्तुत करता हूँ। जैसे-जैसे दुनिया में अधिक से अधिक लोग संपर्क में रहते हैं और समस्याएँ अधिक चुनौतीपूर्ण होती जा रही हैं, हमें ऐसे नेतृत्वकर्ताओं की आवश्यकता है जो लोगों को एक साथ ला सकें और सभी को एक साथ कार्य करने के लिए प्रेरित कर सकें।
‘द पॉवर ऑफ़ कोलैबोरेटिव लीडरशिप’ एक मानसिकता है, प्रत्येक व्यक्ति के अंतर्निहित मूल्य और सामर्थ्य को पहचानने का एक तरीका है। यह दूरियों को कम करने, विभिन्नताओं को समझने और उनका लाभ उठाने तथा अपने सामर्थ्य से बेहतर प्रदर्शन करने की प्रतिबद्धता है।
मैं आगे आने वाली सामूहिक उपलब्धियों के प्रति आशावादी हूँ। सहयोगी नेतृत्व की इस खोज में मेरे साथ जुड़ने के लिए धन्यवाद। जैसे-जैसे हम इस पुस्तक में प्रस्तुत विचारों और विधियों को जानने लगेंगे, मुझे आशा है कि हम एकसाथ भविष्य के उस मार्ग का स्वागत करेंगे जहाँ हम आधुनिक दुनिया में नेतृत्व करने, काम करने और सफलता प्राप्त करने के अर्थ की पुनर्कल्पना करके अधिक जुड़े हुए, मज़बूत और उद्देश्यपूर्ण होंगे। मैं आपके विचार जानने के लिए उत्सुक हूँ।

इचक अडीज़ेस

