मिया बार्न्ज़ मानसिक स्वास्थ्य और कल्याण हेतु सकारात्मक कथनों (affirmations) द्वारा संकल्प (intention) स्थापित करने के लिए कुछ सुझाव दे रही हैं।
आप अपने जीवन में सकारात्मक कथनों का उपयोग कैसे करते हैं? क्या वे ऐसे वचन हैं जिनसे आप मुश्किल समय में राहत पाने के लिए सहायता लेते हैं? आप इनका उपयोग अपने जीवन को दिशा देने के लिए सुविचार के रूप में बोलकर भी कर सकते हैं।
इसके बारे में सोचिए - प्रत्येक निर्मित वस्तु की शुरुआत एक साधारण विचार से होती है। चमत्कार तब होता है जब आपके कार्य आपके उद्देश्य के अनुरूप होते हैं। सकारात्मक कथन बोलने से आपकी सच्चाई को शक्ति मिलती है जिससे आप चेतन और अचेतन रूप से अपने उद्देश्य के अनुरूप व्यवहार करने लगते हैं।
सकारात्मक संकल्पों को कैसे और क्यों स्थापित करें
क्या एक संकल्प और एक कथन में वास्तव में कोई अंतर है? ‘ऐन थ डिग्री कलेक्टिव’के लोगों के अनुसार, संकल्पों का अर्थ है आपके इच्छित परिणाम या लक्ष्य जबकि कथन आपकी केंद्रीयता को दिशा देते हैं। संकल्पों का संबंध ‘क्या’से है जबकि कथन यह बताता है कि यह ‘कैसे’होगा।
इस सिद्धांत को कार्य करते हुए देखें। यदि आप अवसाद से छुटकारा पाना चाहते हैं तो आप क्या करेंगे? आप शायद किसी कथन का अपने संकल्प की तरह उपयोग करें। उदाहरण के लिए, “मैं एक सकारात्मक व्यक्ति हूँ जो किसी भी परिस्थिति का सर्वोत्तम उपयोग कर सकता है।”ऐसे वचन किस तरह से स्थायी बदलाव ला सकते हैं?
जब भी आप इस संकल्प को व्यक्त करते हैं, आप खुद को याद दिलाते हैं, “अगर मेरे सामने ढेर सारे नींबू हैं तो क्या? मैं इनका शरबत कैसे बना सकता हूँ?” आप अपने वर्तमान व्यवहार और उसका आपके मनोभाव पर पड़ने वाले प्रभाव के प्रति अधिक सचेत हो जाते हैं।
उदाहरण के लिए, शायद आप जानते होंगे कि यदि आप अवसाद से ग्रस्त हैं तो सोफ़े पर लेटे-लेटे सोशल मीडिया पर सर्फ़िंग करते रहने से आपका अवसाद और बढ़ सकता है। अपने संकल्प को बोलने से आपका उठने, बाहर निकलने, तेज़ गति से टहलने या बादलों में जानवरों की आकृतियाँ खोजने का मन कर सकता है जब तक कि आपकी मनोदशा सुधर न जाए।
अपने शरीर, मन और आत्मा के बीच के तालमेल को परखने हेतु संकल्प को स्थापित करने के लिए सकारात्मक कथनों का उपयोग करें। जब किसी लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए हर चीज़ एकसाथ काम करती है तब प्रगति आसान हो जाती है। अपने कथन को दोहराना ऐसा होता है मानो आप अपने निर्धारित लक्ष्य की ओर आसानी से बढ़ने के लिए अपने मानसिक पहियों को चला रहे हैं।
संकल्प स्थापित करने के लिए सकारात्मक कथनों का उपयोग कब करें
आप अपने सकारात्मक कथनों को जितनी बार चाहें दोहरा सकते हैं या जब आपको और स्थिर होने की ज़रूरत महसूस हो तब बोल सकते हैं। अपने संकल्पों को कागज़ पर लिख लें। उन्हें अपनी दैनिक योजना में शामिल कर लें। उन्हें आकर्षक बनाएँ, उन्हें अपनी निगाह में रखें ताकि वे आपकी चेतना में स्थापित हो जाएँ।
समय-समय पर अपने संकल्पों को दोहराने से यह अभ्यास आपकी जीवनशैली का अभिन्न अंग बन जाता है। अपने कथनों पर थोड़ी देर ध्यान करने के लिए अपने फ़ोन में रिमाइंडर सेट कर लें जो निम्नलिखित समय पर आपको याद दिलाए —
सुबह सबसे पहले - सुबह के धुंधलके के समय में जब आप आधे सोये और आधे जागे होते हैं तब आपका मस्तिष्क सुझावों के प्रति अधिक ग्रहणशील होता है। सुबह जब आप आँखें खोलते हैं उसी समय अपने सकारात्मक कथन पर ध्यान करने से दिनभर के लिए आपका मनोभाव तैयार हो जाता है।
बड़े कार्यक्रम से पहले - खुद को केंद्रित करने के लिए थोड़ा समय लें और शांत होने के लिए अपने सकारात्मक कथन को दोहराएँ।
किसी महत्वपूर्ण अनुष्ठान को शुरू करने के लिए - उदाहरण के लिए बहुत सी योग कक्षाओं की शुरुआत एक सकारात्मक कथन या संकल्प को बोलकर होती है। आप भी औपचारिक ध्यान का अभ्यास शुरू करने के पहले किसी कथन या संकल्प का उपयोग कर सकते हैं।
जब आप अस्थिर महसूस करते हैं - जब आप घबराए हुए हों तब आपका सकारात्मक कथन आपको स्थिर करने में सहायक हो सकता है।
रात में सोने से पहले - जब आप उनींदे होते हैं, वह समय भी आपको सुझाव ग्रहण करने योग्य बनाता है। कुछ लोगों का मानना है कि रात में सोने से पहले सकारात्मक कथन को दोहराने से सपने में आपको अपनी समस्याओं का समाधान प्राप्त करने में सहायता मिलती है।
(अपने शरीर, मन और आत्मा के बीच के तालमेल को परखने हेतु संकल्प को स्थापित करने के लिए सकारात्मक कथनों का उपयोग करें। जब किसी लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए हर चीज़ एकसाथ काम करती है तब प्रगति आसान हो जाती है।)
कुछ सकारात्मक कथन जो संकल्प भी होते हैं
ऐसे सकारात्मक कथन जो संकल्प भी हों, उन्हें कैसा होना चाहिए? यह योग निद्रा में कोई संकल्प स्थापित करने के समान है। आप गौर करेंगे कि यह भी एक सक्रिय “यह जो है वही है”कथन है न कि एक कामना। उदाहरण के लिए, “शांति मेरा वास्तविक स्वभाव है” बनाम “मैं अपने जीवन में अधिक शांति पाना चाहता हूँ।”

अपने सकारात्मक कथन या संकल्प को कहने के लिए सही शब्दों का उपयोग क्यों ज़रूरी है? “यह है”और “यह होगा”इन दोनों वाक्यों में मानसिक दृष्टिकोण से काफ़ी अंतर है। जब कोई चीज़ है, तो यह वर्तमान क्षण में आपके व्यवहार को प्रभावित करती है न कि हाथ में न आने वाले किसी भविष्य काल में, जब सितारे आपके अनुकूल होंगे और आपका तनाव कम होगा।
यहाँ सकारात्मक कथनों के छह आदर्श नमूने दिए गए हैं जो संकल्पों की तरह कार्य करते हैं -

मैं अपने शरीर और मन के लिए स्वास्थ्यप्रद अभ्यासों का चुनाव करता हूँ
यदि आप किसी बुरी आदत को छोड़ना चाहते हैं या किसी नई स्वास्थ्यप्रद आदत को अपनाना चाहते हैं तो यह कथन सहायता करता है। उदाहरण के लिए, जब आप कोई नए प्रकार का व्यायाम शुरू करने वाले हैं तब आप इसका उपयोग कर सकते हैं। आप सच्चाई जानते हैं कि जीवन में कुछ-न-कुछ ज़रूर होता रहता है और वह आपको जिम जाने से रोक सकता है।
इस वाक्य को दोहराने से आपको याद रहता है कि एक चूक से 20 दूसरे गलत चुनावों को उचित नहीं ठहराया जा सकता है। हो सकता है किसी कारणवश आप व्यायाम की कक्षा में नहीं जा सके लेकिन इसका परिणाम यह नहीं होना चाहिए कि आप घर पहुँचकर नेटफ़्लिक्स पर कुछ देखते हुए कुछ गैर सेहतमंद खाने लगें। आप तब भी टीवी के सामने 15 से 20 मिनट के लिए किसी अन्य तरह का व्यायाम और स्ट्रेचिंग कर सकते हैं तथा रात को भोजन में आइसक्रीम के बजाय सलाद ले सकते हैं।

मुझे अपनी ऊर्जा का उपयोग कैसे करना है, इस पर मेरा पूरा नियंत्रण है
जीवन की दुर्भाग्यपूर्ण वास्तविकता यह है कि इसके अधिकांश भाग पर आपका नियंत्रण नहीं होता। भले लोगों को भी भयानक बीमारियाँ हो जाती हैं, उन्हें नौकरी से निकाल दिया जाता है, चोर-डकैत उनका घर लूट लेते हैं, उनका दिल टूट जाता है और बेईमान या दुष्ट साथी द्वारा उनका जीवन बर्बाद कर दिया जाता है।
लेकिन आप अपने आस-पास हो रही घटनाओं पर कैसे प्रतिक्रिया करेंगे इसे आप हमेशा नियंत्रित कर सकते हैं। आप अपनी ऊर्जा का उपयोग कैसे करते हैं इस पर आपका 100% अख्तियार है – यह कथन आपको याद दिलाता है कि अपनी ऊर्जा को समझदारी से निर्देशित करना है। आप जिस वास्तविकता का सामना कर रहे हैं, उस परिस्थिति में आप क्या कर सकते हैं? सर्वोत्तम कार्रवाही क्या हो सकती है?

जीवन के सबसे अंधकारमय समय में भी मेरे भीतर अजेय रौशनी रहती है
भले आप गहरे अवसाद में हों, तब भी संभव है कि आप किसी ऐसे पल को याद कर सकें जब आपने वास्तव में खुशी महसूस की थी। अनुभवी योगी और ध्यान करने वाले इन भावनाओं को जब आवश्यक हो तब अपने शरीर में प्रकट कर सकते हैं।
ध्यान में समय लगाएँ और आनंद का पुनः अनुभव करें। उसे अपनी हर कोशिका में महसूस करें। जानने का प्रयास करें कि आपके शरीर के कौन से अंग सक्रिय हुए हैं। फिर इस कथन का उपयोग खुद को यह याद दिलाने के लिए करें कि आप इस भाव को जीवन में आने वाले तूफ़ानों के समय जागृत कर सकते हैं। याद रखें – सब कुछ अस्थायी है और यह बुरा समय भी गुज़र जाएगा।
(संकल्पों को स्थापित करने के लिए सकारात्मक कथनों का उपयोग करना सबसे अच्छा है। वे ‘मैं होऊँगा’को परिदृश्य से हटाकर उसे ‘मैं हूँ’में बदल देते हैं।)
मैं प्रतिक्रिया नहीं करता, प्रत्युत्तर देता हूँ
बहुत से लोग अपने जीवन का अधिकांश हिस्सा पहले से तयशुदा ढंग से जीते हैं जिसमें वे परिस्थितियों के प्रति वैसी ही प्रतिक्रिया करते हैं जैसे वे पहले से करते रहे हैं और फिर सोचते हैं कि उनमें होने वाला सुधार इतना कम क्यों है। समस्या यह है कि अनुभव से प्राप्त सीख और प्रतिक्रियाएँ हमेशा सबसे अधिक बुद्धिमत्तापूर्ण और सर्वाधिक लाभप्रद नहीं होती हैं।
अगर आप अपनी भावनाओं पर अधिक नियंत्रण प्राप्त करने की कोशिश कर रहे हैं तो यह कथन बहुत बढ़िया है। यह बुरी आदतों से छुटकारा पाने के लिए भी लाभप्रद है। उदाहरण के लिए, क्या किसी तनावपूर्ण दिन की समाप्ति पर आप हमेशा कहते हैं, “मुझे एक ड्रिंक की ज़रूरत है?” तनाव से राहत पाने के लिए अधिक स्वास्थ्यप्रद तरीका क्या है?

मेरी ऊर्जा दूसरों को कैसे प्रभावित करती है इसके बारे में मैं सचेत हूँ
आपके भीतर की भावनात्मक उथल-पुथल को दूसरे लोग नहीं देख सकते। वे आपका व्यवहार ही देख सकते हैं जिसकी विवेचना वे अपनी समझ के अनुसार करते हैं। आप जानते हैं कि आपको अपने काम के दौरान होने वाले तनाव के कारण जल्दी गुस्सा आ जाता है लेकिन कैशियर आपको ऐसा ग्राहक समझता है जिसे खुश करना असंभव है।
यह कथन आपको अपनी समानुभूति की शक्ति का अभ्यास करने की याद दिलाता है। कुछ भी करने से पहले विचार करें कि आपका व्यवहार दूसरों को कैसे प्रभावित करेगा और उसके अनुसार ही व्यवहार करें।

मैं सक्रिय रूप से वैसी दुनिया का निर्माण करता हूँ जैसी मैं देखना चाहता हूँ
अपने जीवन पर उचित नियंत्रण न होना - व्यक्ति का यह विश्वास न कर पाना कि उसके कार्य से कोई सकारात्मक बदलाव आ सकता है - अवसाद जैसी अनेक मानसिक बीमारियों का कारण है। यह सच है कि आप अकेले ही दुनिया को नहीं बदल सकते हैं लेकिन अपनी दिनचर्या को प्रभावित करने के लिए आपके पास कितनी शक्ति है, यह जानकर आप अचंभित रह जाएँगे।
यह कथन आपको इस बारे में सचेत रहने की याद दिलाता है कि आप क्या बदल सकते हैं और यह आपको कार्यवाही करने के

लिए प्रेरित करता है। उदाहरण के लिए, क्या आपके मनपसंद शिविर-स्थल पर कूड़ा इकट्ठा हो गया है? आप उन लोगों के विरुद्ध शिकायत कर सकते हैं जो इसकी परवाह नहीं करते – या फिर आप कुछ खाली बैग और डब्बे ले जाकर एक-दो घंटे में उस जगह को साफ़-सुथरा कर सकते हैं।
अपने संकल्प स्थापित करने के लिए सकारात्मक कथनों का उपयोग करना
संकल्पों को स्थापित करने के लिए सकारात्मक कथनों का उपयोग करना सबसे अच्छा है। वे ‘मैं होऊँगा’को परिदृश्य से हटाकर उसे ‘मैं हूँ’में बदल देते हैं। यह प्रक्रिया उन बदलावों को, जिन्हें आप देखना चाहते हैं, अनिश्चित भविष्य से निकालकर वर्तमान क्षण में ले आती है।
संकल्पों को स्थापित करने हेतु सकारात्मक कथनों का उपयोग करने के लिए उपरोक्त सुझावों का पालन करें। इन्हें लिखकर ऐसे स्थान पर लगा दें जहाँ आपकी नज़र
इन पर बार-बार पड़े, इन्हें दिनभर दोहराने की आदत बनाएँ और अपने जीवन को बदलता हुआ देखें।
कलाकृति - लक्ष्मी गद्दाम

मिया बार्न्ज़
मिया एक स्वतंंत्र लेखिका और शोधकर्ता हैं जिन्हें मानसिक स्वास्थ्य, कल्याण और आत्म-देखभााल में विशेषज्ञता प्राप्त है। वे ऑनलाइन स्वास्थ्य प्रकाशन, बॉडी+माइंंड पत्रिका की संंस्थापक और प्रधान संंपादक भी हैं।
